logo

“नारी शिक्षा, नारी सशक्तिकरण” विश्वविद्यालय का ध्येय-कुलपति प्रो सुदेश

खानपुर कलां -8 सितंबर। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय का इंस्टिट्यूट ऑफ़ हायर लर्निंग में अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर समस्त छात्राओं को प्राचार्या प्रो सुषमा जोशी ने पूर्ण साक्षरता की शपथ दिलाई । अपने सन्देश में महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश ने कहा कि आज हम विश्व साक्षरता दिवस मना रहे हैं। यह दिन हमें याद दिलाता है कि शिक्षा ही असली शक्ति है, जो अज्ञान के अंधकार को मिटाकर हमें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाती है। कुलपति ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना भर नहीं है, बल्कि यह जीवन को सही दिशा देने वाली रोशनी है। एक शिक्षित व्यक्ति अपने अधिकार और कर्तव्य दोनों जानता है और समाज व राष्ट्र की प्रगति में योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा पूरे समाज को प्रगति की ओर ले जाती है। जब एक महिला शिक्षित होती है तो पूरा परिवार, पूरा समाज और आने वाली पीढ़ियाँ सशक्त बनती हैं। हमारा विश्वविद्यालय इसी ध्येय को लेकर आगे बढ़ रहा है—“नारी शिक्षा, नारी सशक्तिकरण।” उन्होंने कहा कि शिक्षा को केवल डिग्री पाने का साधन न मानें। इसे अपने जीवन के मूल्यों, संस्कारों और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ें। आप ही वह शक्ति हैं जो आने वाले कल को नई दिशा देंगी।प्राचार्या प्रो सुषमा जोशी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए साक्षरता को बहुत महत्वपूर्ण बताया। प्रो जोशी ने कहा कि सभी को साक्षर करने के लिए 'टीच वन इच वन" की प्रतिज्ञा के साथ काम करना होगा।इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयं सेवा योजना की सभी यूनिटों की स्वयं सेविकाओं ने भाग लिया।कार्यक्रम में एन एस एस कार्यक्रम अधिकारी प्रो नूतन, डॉ नितिका,डॉ परविंद्र, डॉ प्रीति,डॉ विजय मलिक, संदीप आदि  टीचिंग स्टाफ सदस्य एवं इंस्टीट्यूट की छात्राएं विशेष रूप से उपस्थित रहे । 
फोटो कैप्शन :- 02 कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो सुषमा जोशी छात्राओं को  'टीच वन इच वन" की प्रतिज्ञा दिलाते हुए। 

6
427 views