logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

हनी ट्रैप गिरोह का भंडाफोड़, महिला समेत पांच गिरफ्तार बरेली इज्जतनगर पुलिस की बड़ी सफलता, कार और मोबाइल बरामद


बरेली न्यूज़-: इज्जतनगर थाना पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए रंगदारी वसूलने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महिला सदस्य समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो कार (UP25CP0020) बरामद की है। गिरफ्तारी निर्माणाधीन रोडवेज बस स्टैंड, मिनी बाईपास रोड के पास से की गई।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना आकाश पुत्र नरेश कुमार है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर भोले-भाले लोगों को जाल में फंसाता था। गिरोह की महिला सदस्य हनी उर्फ नेहा खान पहले शिकार से फोन पर बातचीत कर उसे फुसलाती और फिर होटल या सुनसान स्थान पर बुलाकर साथी सदस्य उसे घेर लेते थे।

युवक से मांगी 5 लाख की रंगदारी

ताजा मामले में गिरोह ने अमित राठौर नामक युवक को होटल सहगल बुलाया। वहां से आरोपी गुड्डू बंजारा, अवधेश, आकाश, मिथलेश और अन्य साथी उसे स्कॉर्पियो में डालकर मिनी बाईपास ले गए। आरोपियों ने युवक से मारपीट कर उसकी वीडियो और फोटो वायरल करने व बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसके एवज में 5 लाख रुपये की मांग की गई। दबाव में आकर पीड़ित ने 30 हजार रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी उन्हें दे दी। इसके बाद भी गिरोह लगातार उससे वसूली का दबाव बना रहा था।

पांच गिरफ्तार, तीन फरार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर हनी उर्फ नेहा खान, गुड्डू बंजारा, अवधेश, आकाश और मिथलेश गंगवार को गिरफ्तार किया। वहीं गिरोह का एक और सदस्य मोहित मिश्रा व दो अज्ञात आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों पर मुकदमा संख्या 773/2025 धारा 318(4)/308(6)/115(2)/127(2) बीएनएस, थाना इज्जतनगर में कार्रवाई की गई है। सभी को रिमांड हेतु अदालत में पेश किया जा रहा है।

कई लोग पहले भी बने शिकार

पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य अब तक कई युवकों को हनी ट्रैप में फंसा चुके हैं, लेकिन शर्म और बदनामी के डर से कोई भी शिकार सामने नहीं आ पाया था। इज्जतनगर पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है।

156
4459 views

Comment