
श्रीकांत त्यागी की पार्टी RND का बड़ा ऐलान, पंचायत से लेकर विधानसभा चुनाव तक उतरेगी मैदान में
नोएडा। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (RND) के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी 2026 के पंचायत चुनाव और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। गाजियाबाद निवासी श्रीकांत त्यागी, जो कुछ वर्ष पूर्व नोएडा मामले से सुर्खियों में आए थे, अब सक्रिय राजनीति में संगठन को मज़बूत आधार देने में जुट गए हैं।
हाल ही में नोएडा में आयोजित पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में श्रीकांत त्यागी ने संगठन विस्तार की रणनीति को स्पष्ट किया। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के 19 जिला अध्यक्षों को महिंद्रा बोलेरो वाहन भेंट किए, ताकि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकें।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक त्यागी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को संसाधन उपलब्ध कराना ही संगठन की असली ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत होगी। वहीं, पार्टी की सक्रिय सदस्य अनु त्यागी ने महिला सशक्तीकरण को RND की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि यह केवल घोषणा नहीं, बल्कि वास्तविकता में लागू की जाने वाली पहल है।
बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं ने भी आगामी चुनावों को लेकर उत्साह व्यक्त किया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। श्रीकांत त्यागी ने कहा कि RND आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में नई ऊर्जा और सशक्त विकल्प बनकर उभरेगी।