logo

मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा ने निकाली 200 मीटर लंबी तिरंगे के साथ विशाल तिरंगा शोभा यात्रा

झरिया में विशाल तिरंगा शोभायात्रा – 200 मीटर लंबे तिरंगे संग गूंजा राष्ट्रभक्ति का स्वर
विद्यालयों के बच्चों ने बैंड, झांकी और स्लोगन प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा, पूरा शहर तिरंगे के रंग में रंगा

झरिया।
मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा 13 अगस्त को भव्य “विशाल तिरंगा शोभायात्रा” का आयोजन किया गया, जिसने पूरे झरिया शहर को राष्ट्रभक्ति के रंगों में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री श्याम मंदिर, झरिया से हुआ, जहां से हजारों की संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नगरवासी तिरंगे की शान के साथ नगर भ्रमण के लिए रवाना हुए।

कार्यक्रम के प्रायोजक समाजसेवक श्री सुनील संवारिया थे। कार्यक्रम में मारवाड़ी सम्मेलन अध्यक्ष श्री राजकुमार अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष श्री जयप्रकाश देवरलिया, श्री श्याम मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री रघुवीर गोयल, शिशु विहार स्कूल बस्ताकोला के प्राचार्या श्रीमति लोपा मुद्रा मिश्रा, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व अध्यक्ष श्री प्रवीण गोयल जी विशेष रूप से शामिल हुए। इन सभी ने ध्वज वंदन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।

कोयलांचल के विभिन्न विद्यालयों — किड्स गार्डन झरिया, शिशु विहार बस्ताकोला, जेएसएम डीएवी भागा, मॉडल स्कूल झरिया, बालिका विद्या मंदिर झरिया, यशोमति श्री विद्या निकेतन झरिया, लक्ष्मी देवी सरस्वती शिशु मंदिर झरिया, मारवाड़ी विद्यालय, झरिया, विवेकानंद विद्यालय, बनियाहीर — ने शोभायात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाई।

शोभायात्रा में इंटर-स्कूल बैंड प्रतियोगिता और झांकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने देशभक्ति के रंग बिखेरते हुए अद्भुत प्रस्तुतियां दीं।

बैंड प्रतियोगिता में — प्रथम स्थान — विवेकानंद विद्यालय, बनियाहीर द्वितीय — मारवाड़ी विद्यालय, झरिया तृतीय — मॉडल स्कूल, झरिया।

झांकी प्रतियोगिता में — प्रथम — यशोमति श्री विद्या निकेतन, झरिया, द्वितीय — बालिका विद्या मंदिर, झरिया, तृतीय — लक्ष्मी देवी सरस्वती विद्या मंदिर, झरिया।

“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर आयोजित स्लोगन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हाथों में आकर्षक तख्तियां लेकर प्रभावशाली नारे प्रस्तुत किए।

प्रथम — किड्स गार्डन, झरिया, द्वितीय — शिशु विहार, बस्ताकोला, तृतीय — JSM DAV, भागा।

निर्णायक मंडली में झरिया शाखा की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती सीमा अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सीए श्याम सुंदर साह शामिल थे। मंच संचालन पूर्व अध्यक्ष श्री विनोद अग्रवाल ने किया।

शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण 200 मीटर लंबा तिरंगा रहा, जिसे केमिस्ट्री सेंटर, झरिया के विद्यार्थियों ने पूरे जोश और गर्व के साथ थामकर नगर भ्रमण किया। तिरंगे की भव्यता और लहराती शान देखकर पूरा शहर देशभक्ति के माहौल में डूब गया। रास्ते भर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा — “तिरंगा हमारे गौरव, एकता और बलिदान का प्रतीक है। इस शोभायात्रा का उद्देश्य युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रज्वलित करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। जिस उत्साह और एकजुटता के साथ विद्यालयों और समाज के हर वर्ग ने भाग लिया, वह सच में प्रेरणादायक है।”

कार्यक्रम के सह-संयोजक सन्नी अग्रवाल ने कहा — “आज झरिया के बच्चों और युवाओं में जो जोश और देशभक्ति का ज्वार देखा, वह भारत के सुनहरे भविष्य का संदेश देता है। तिरंगा हमें हमारे वीरों के बलिदान की याद दिलाता है और हमें सदैव राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है।”

कार्यक्रम का संयोजन श्रीमती किरण शर्मा एंव श्री सन्नी अग्रवाल ने किया। शोभायात्रा श्री श्याम मंदिर से प्रारंभ होकर लक्ष्मीनिया मोड़, सब्जी पट्टी, 4 नंबर, मेन रोड, धर्मशाला रोड होते हुए पुनः श्याम मंदिर पहुंची, जहां विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

पूरे आयोजन में श्री श्याम मंदिर समिति का विशेष सहयोग रहा। मार्ग में श्री सत्यनारायण मंदिर समिति, रानी सती मंदिर समिति एवं मातृ सदन समिति, आँचल फाउंडेशन द्वारा प्रतिभागियों के लिए जलपान और फ्रूटी की व्यवस्था की गई, जिससे सभी में उत्साह और ऊर्जा बनी रही।

शोभायात्रा में सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण भी देखने को मिला। मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के बैनर तले न केवल झरिया शाखा के सदस्य, बल्कि अन्य कई संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी ने एक साथ कदमताल कर यह संदेश दिया कि संगठन की शक्ति एकता में निहित है और तिरंगे के सम्मान में कोई भी भेदभाव आड़े नहीं आता।

इस भव्य आयोजन ने झरिया में एक अविस्मरणीय मिसाल कायम की, जो आने वाले वर्षों तक लोगों की स्मृतियों में देशभक्ति और एकता के प्रतीक के रूप में जीवित रहेगी। उक्त जानकारी कार्यकरिणी सदस्य श्री दिनेश शर्मा ने दी।

0
40 views