logo

बीपीएसएमवी में पुश्किन संस्थान के साथ रूसी भाषा एवं संस्कृति संवाद

खानपुर कलां -13 अगस्त। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां के विदेशी भाषा विभाग ने अपने ओरिएंटेशन कार्यक्रम के अंतर्गत रूसी भाषा एवं संस्कृति संवाद 2025 का आयोजन किया। इसमें मॉस्को स्थित ए. एस. पुश्किन स्टेट रशियन लैंग्वेज इंस्टीट्यूट के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल — श्री एवगेनी प्लाखोतिन (डिप्टी हेड, प्रोजेक्ट ऑफिस), सुश्री पॉलिना डोरोझ्किना और सुश्री वलेरिया आर्तेमयेवा (विश्व में रूसी भाषा की राजदूत) — ने भाग लिया। ओरिएंटेशन कार्यक्रम के शुभारम्भ सत्र की अध्यक्षता प्रो इप्शिता बंसल ने की। रुसी प्रतिनिधिमंडल ने महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश से शिष्टाचार भेंट की और रुसी उपहार भी उन्हें भेंट किया। प्रतिनिधिमंडल से बात करते हुए कुलपति प्रो सुदेश ने कहा कि रूसी भाषा एवं संस्कृति संवाद का उद्देश्य भारत और रूस के बीच शैक्षिक व सांस्कृतिक सेतु को मजबूत करना है। इस संवाद में प्रतिभागियों को रूसी भाषा की विशेषताओं, उच्चारण, अभिवादन के तरीके, तथा रूस के साहित्य, संगीत, नृत्य, भोजन और परंपराओं से परिचित कराया जा सकता है। कुलपति ने कहा कि साथ ही, दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंध, अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और छात्र विनिमय कार्यक्रमों पर भी चर्चा हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह संवाद न केवल भाषा सीखने का अवसर देगा बल्कि पारस्परिक समझ और मित्रता को भी गहरा करेगा।कार्यक्रम का औपचारिक  शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। विभागाध्यक्ष प्रो. मैथाचन के. जे. ने अतिथियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।  महिला विश्वविद्यालय के रुसी विभाग द्वारा रूसी भाषा में स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। प्रो. इप्शिता बंसल ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया और आर्थिक देशभक्ति की शपथ दिलाई।प्रो मैथाचन ने बताया कि कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र की शुरुआत  रेजिना ग्लोसा प्रतियोगिता से हुई, जिसमें आठ प्रतिभागियों ने सामाजिक-सांस्कृतिक विकास में भाषा की भूमिका विषय पर प्रस्तुति दी। इस प्रतियोगिता की अध्यक्षता प्रो. इप्शिता बंसल ने की। प्रतियोगिता में हिमांशी ने प्रथम मानसी से द्वितीय तथा मेघा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि स्मार्ट बोर्ड की मदद से आयोजित इंटरैक्टिव रूसी भाषा सत्र में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पारंपरिक मैट्र्योश्का स्मृति-चिन्ह भेंट किए गए। गणमान्य व्यक्तियों को विशेष रूसी उपहार प्रदान किए गए।कार्यक्रम का समापन कार्यक्रम संयोजक सुश्री विदूषी शर्मा द्वारा आभार प्रकट के साथ हुआ, जिसमें बीपीएसएमवी की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।फोटो कैप्शन :-01  महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश को रुसी स्मृति भेंट करता रूसी प्रतिनिधिमंडल। 02  रूसी प्रतिनिधिमंडल को स्मृति चिन्ह भेंट करते महिला विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा विभाग एक विभागाध्यक्ष व अन्य। 

15
78 views