logo

विंढमगंज में भाजपा की भव्य तिरंगा शोभायात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा क्षेत्र


विंढमगंज (सोनभद्र) – आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर विंढमगंज में भाजपा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र का माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस शोभायात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय नागरिक, गणमान्य लोग एवं रामजी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

यात्रा का संचालन दुद्धी विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी सरवन सिंह गोड, ग्राम प्रधान सलैयाडीह एवं ग्राम प्रधान बुतबेढ़वा के नेतृत्व में शांतिपूर्ण तरीके से किया गया। इस दौरान जगह-जगह देशभक्ति के नारों – “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” – से वातावरण गूंज उठा। लोग हाथों में तिरंगा लेकर आगे बढ़ते रहे और देश के प्रति अपने प्रेम और समर्पण को व्यक्त करते रहे।

शोभायात्रा में प्रमुख रूप से जीत सिंह खरवार, वीरेंद्र चौधरी (मंडल अध्यक्ष), मनीष मद्धेशिया (युवा मोर्चा अध्यक्ष), ग्राम बुतबेढ़वा प्रधान प्रतिनिधि संजय प्रसाद गुप्ता, सुभाष शर्मा (मंडल उपाध्यक्ष), रवि जायसवाल उर्फ मोनू जायसवाल, तथा ग्राम सलैयाडीह प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ किंसु सिंह विंढमगंज मीडिया प्रभारी सुमित राज मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि इस “हर घर तिरंगा यात्रा” का मुख्य उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना को प्रबल करना और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की पहचान, सम्मान और बलिदान की कहानी है।

यात्रा के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे देश की अखंडता, एकता और प्रगति के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।

8
49 views