सिंगल फेज के सात अवैध ट्रांसफॉर्मर जब्त, साढे चार लाख रूपये का लगाया जुर्माना :-
मोहनगढ- क्षेत्र में बिजली चोरी की रोकथाम को लेकर विद्युत निगम की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी को लेकर विद्युत निगम जैसलमेर के अधीक्षण अभियंता भैरा राम चौधरी के निर्देशन पर अधीक्षण अभियंता शैतान सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में व्रत मोहनगढ के सहायक अभियंता परिक्षित वर्मा, कनिष्ठ अभियंता पुखराज मीणा, त्रिवेन्द्र कुमार, बलवंत कुमार की ओर से मोहनगढ क्षेत्र में कार्यवाही की जा रही रही है। गुरूवार को विद्युत निगम की टीम ने कार्यवाही करते हुए नहरी क्षेत्र में सिंगल फेज के सात अवैध ट्रांसफाॅर्मर जब्त किए गए। वहीं अवैध ट्रांसफॉर्मर का उपयोग करने वालों के खिलाफ निगम की ओर से लगभग साढे चार लाख रूपये का जुर्माना लगाया गया। जुर्माना राशि नहीं जमा करवाने पर विद्युत थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी। विद्युत चोरी रोकने के लिए निगम की ओर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। ज्ञात रहे कि विद्युत निगम ने बुधवार को आठ स्थानों पर विद्युत चोरी पकड़ी थी। वहीं सिंगल फेज के छ: अवैध ट्रांसफॉर्मर जब्त कर लगभग साढे तीन लाख रूपये का जुर्माना लगाया गया था।