
इनेलो ने घेरा नायब सैनी सरकार को
कुरुक्षेत्र में पाल प्लाजा में इनेलो पार्टी का अंबाला जोन का तीसरा प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ
प्रशिक्षण शिविर में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती और विधायक अदित्य देवीलाल ने अपने विचार रखेे और सभी का मार्गदर्शन किया
मुझे मेरी सुरक्षा नहीं चाहिए, प्रदेश और आम आदमी की सुरक्षा चाहिए: चौ. अभय सिंह चौटाला
जिस दिन हमारी सरकार बनेगी एसवाईएल का पानी पंजाब के गले में अंगूठा डाल कर लेंगे: अभय सिंह चौटाला
पिछले 11 सालों में भाजपा सरकार में दो चीजों को ज्यादा बढ़ावा मिला, एक तो कानून व्यवस्था खत्म हुई और दूसरा नशे का कारोबार बढ़ा
कुरुक्षेत्र/चंडीगढ़, 18 जुलाई। शनिवार को इनेलो का तीसरा प्रशिक्षण शिविर कुरुक्षेत्र में पाल प्लाजा में संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य संगठन में जिन नए लोगों को शामिल किया है उनको नई जिम्मेवारी से अवगत करवाना है। कैसे संगठन को आगे लेकर जाना है, संगठन में किस की क्या जिम्मेवारी है उसके लिए प्रशिक्षण शिविर लगाए गए हैं। इससे पहले 5 जुलाई को हिसार जोन और 11 जुलाई को गुरूग्राम जोन में भी सफल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा चुका है। हरियाणा को तीन जोन में बांटा है। गुरुग्राम जोन जिसमें 8 जिले हैं, हिसार जोन और अंबाला जोन में 7-7 जिले हैं। इस प्रशिक्षण शिविर में इनेलो के यूथ, महिला, कर्मचारी, अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति, किसान, खेल, अल्पसंख्यक, व्यापार समेत 17 प्रकोष्ठों के संयोजक भी प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए। प्रशिक्षण शिविर के दौरान उपस्थित इनेलो के सभी आमंत्रित साथियों को पार्टी को गांव स्तर तक कैसे सभी बूथ पर कार्यकर्ता को जोडऩा है उसपर गंभीरता से फोकस किया गया। प्रशिक्षण शिविर में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव प्रकाश भारती और विधायक अदित्य देवीलाल ने विचार रखे और सभी का मार्गदर्शन किया।
बैठक के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि 29 जुलाई को कैथल में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक करेंगे जिसमें आने वाले समय की रूपरेखा तैयार की जाएगी। हरियाणा में इनेलो एक मात्र पार्टी है जिसने जॉन स्तर पर भी अपना संगठन खड़ा किया है। हमारी पार्टी जननायक चौ. देवीलाल की नीतियों पर चलने वाली पार्टी है और चौ. ओमप्रकाश चौटाला के संघर्ष से खड़ी हुई पार्टी है। उन्होंने हमेशा अपने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन बनाया और कार्यकर्ताओं को सबसे बड़ी जिम्मेदारी दी। उन्होंने हमेशा कार्यकर्ताओं से अपने बड़े नेता का आदर मान करोगे और अनुशासन में रहकर पार्टी के संगठन को आगे बढ़ाओगे। हमारा संगठन धरातल पर है। हमारे 17 सेल का संगठन कंप्लीट हो चुका है।
कांग्रेस की इससे ज्यादा बुरी हालत क्या होगी कि उनका संगठन आज तक नहीं बन पाया है। जिले का संगठन बनाने के लिए भी राहुल गांधी को हस्तक्षेप करना पड़ा है उसपे भी वो आज तक फैसला नहीं कर पाए हैं। राहुल गांधी ने कहा था कि 30 जून तक कांग्रेस का संगठन बना लेंगे। अगली 30 तारीख आने को है लेकिन कांग्रेस अभी तक अपना संगठन नहीं बना पाई है। जिस पार्टी में अनुशासन नहीं होगा उस पार्टी में संगठन कभी खड़ा नहीं हो सकता।
प्रदेश में पिछले 11 सालों में भाजपा सरकार में दो चीजों को ज्यादा बढ़ावा मिला एक तो कानून व्यवस्था खत्म हुई और दूसरा नशे का कारोबार बढ़ा है। नशे के कारण हजारों युवा अपनी जान गंवा चुके हैं। सरकार आज तक नशे के खिलाफ कोई मुहिम नहीं खड़ी कर पाई और न ही हर रोज हो रही हत्याओं और फिरोतियों को रोक पाई है। जेलों में बैठे लोगों ने संगठन बना कर पूरे प्रदेश में गैंग खड़े कर दिए हैं। इन गैंगों को राजनीतिक रूप से ताकत मिल रही है अगर इनको राजनीतिक ताकत न मिली होती तो ये शाम तक खत्म हो जाते।
पत्रकारों द्वारा उनको बदमाशों से मिली धमकी पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि ये मेरी सुरक्षा का सवाल नहीं है। मुझे कहा गया कि मेरी सुरक्षा बढ़ा दी जाएगी। मुझे मेरी सुरक्षा नहीं चाहिए। प्रदेश को सुरक्षा चाहिए। आम आदमी को सुरक्षा चाहिए। जब तक आम आदमी सुरक्षित नहीं होगा तो कोई भी उद्योगपति हरियाणा में आकर अपना कारखाना नहीं लगाएगा, कोई अपना इंस्टिट्यूट नहीं खोलेगा।
एसवाईएल पर पूछे गए सवाल पर कहा कि हमने केवल एसवाईएल की लड़ाई नहीं लड़ी, हमने चाहे कांग्रेस की सरकार थी या अब भाजपा की सरकार है हमेशा सरकार के गलत फैसलों का डटकर विरोध किया है। एसवाईएल के लिए हमने सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी और जीत कर आए। भाजपा सरकार आज सुप्रीम कोर्ट में जाने के बजाय टेबल पर बैठकर उस मामले को उलझाना चाहती है। पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ इस मुद्दे पर बात करने की जरूरत नहीं है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला हरियाणा के पक्ष में आ चुका है उसे लागू करवाओ। अगर पंजाब सुप्रीम कोर्ट का फैसला नहीं मानती है तो अवमानना का नोटिस दो। अपने आप सुप्रीम कोर्ट सख्त निर्णय लेगी। एसवाईएल के लिए हम कोई भीख थोड़े मांग रहे हैं। ये हमारा हिस्सा है। शाह कमीशन की रिपोर्ट है उसको लागू करना पड़ेगा। जिस दिन हमारी सरकार बनेगी एसवाईएल का पानी पंजाब के गले में अंगूठा डाल कर लेंगे।
सीईटी पेपर की तारीख पर पूछे गए सवाल पर कहा कि हमने लिखा है सरकार को तारीख गलत तय की है इसको आगे किया जाए। 27 तारीख को तीज का दिन है। हरियाणा का बड़ा पर्व है। भाजपा सरकार का सामाजिक ज्ञान नहीं है। केवल प्रदेश को लूटने में लगे हुए हैं।
खाद की किल्लत पर पूछे गए सवाल पर कहा कि सरकार कह रही है कि खाद पोर्टल पर मिलेगी। हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का दिमाग घुटनों में है जो किसानों को यूरिया पोर्टल पर देने की बात करते हैं।
इनेलो पार्टी छोडक़र गए लोगों की घर वापसी पर पूछे गए सवाल पर कहा कि 25 सितंबर को चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर हमारे सौ फीसदी साथी वापिस आएंगे। लंबी कतार है। हालात किसी भी तरह के रहे हमेशा हमारा कार्यकर्ता प्रदेश के हितों के लिए खड़ा रहा है।
इंडिया गठबंधन से आम आदमी पार्टी के अलग होने के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी से आम आदमी किनारा करेगा। हरियाणा में आम आदमी ने इनसे किनारा कर लिया अब पंजाब में भी कर लेगा। आम आदमी पार्टी भी भाजपा और कांग्रेस की तरह दो मुंहा सांप है। ये तीनों पार्टियां पंजाब में एसवाईएल के मुद्दे पर इक_ा हो जाती हैं और हरियाणा में उनका विरोध करती हैं। केजरीवाल हरियाणा को हरियाणा का बेटा बताता है मगर पानी नहीं देता। हरियाणा के लिए आम आदमी पार्टी सबसे घातक पार्टी है।
गरीबों के लिए 40 रूपए में 2 लीटर मिलने वाला सरसों का तेल महंगा करने कहा कि सबसे पहले यह मुद्दा हमने उठाया था। सरकार को गरीबों के साथ ऐसा अन्याय नहीं करना चाहिए।