
बरियारपुर में 76वां वन महोत्सव सम्पन्न, सांसद-विधायक ने किया पौधारोपण, वन विभाग पर लगे गंभीर आरोप
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
धनबाद | टुंडी | 19 जुलाई 2025पश्चिमी टुंडी के बरियारपुर गांव में वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा 76वां वन महोत्सव और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने दीप प्रज्वलन कर किया।
इस दौरान सांसद चौधरी ने बढ़ते प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि,> “वृक्षारोपण अब केवल अभियान नहीं, बल्कि हमारी ज़िम्मेदारी बन गई है। प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए।”
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान सांसद के क्षेत्र में सक्रियता की कमी को लेकर सवाल भी उठे, लेकिन उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
वन विभाग पर जनप्रतिनिधियों का हमला
वन महोत्सव में झामुमो नेता एवं जिला परिषद सदस्य मीना हेम्ब्रम समेत कई जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि विभाग सिर्फ कागज़ों पर योजनाएं चला रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पौधारोपण के नाम पर महज खानापूरी हो रही है। मीना हेम्ब्रम ने विभाग से फंड और योजनाओं की जानकारी मांगे जाने पर जवाब न देने की शिकायत भी की और डीएफओ से जांच की मांग की।
बांस की खेती को बताया ग्रामीण विकास का साधन
विधायक मथुरा महतो ने बांस की खेती को आर्थिक सशक्तिकरण का जरिया बताते हुए कहा कि > “बंजर ज़मीनों पर बड़े पैमाने पर बांस रोपण कर ग्रामीणों को आजीविका से जोड़ा जा सकता है।”
वन विभाग ने दिया जागरूकता का संदेश
जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालिवार ने कहा कि > “जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए हर व्यक्ति को एक पौधा लगाना चाहिए। प्रकृति की रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है।”
हाथी हमले से प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा
कार्यक्रम के दौरान जंगली हाथियों के हमले से प्रभावित लगभग एक दर्जन ग्रामीणों को वन विभाग की ओर से क्षतिपूर्ति के तौर पर चेक प्रदान किए गए।
पौधारोपण से कार्यक्रम को मिला पर्यावरणीय संदेश
अंत में अतिथियों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधों का सामूहिक रूप से रोपण कर वन महोत्सव को सार्थक बनाया गया।
कार्यक्रम का संचालन बलबीर दशौंधी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रेंजर राकेश सिंह ने प्रस्तुत किया।
इस मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष इंद्रलाल बास्की, मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि, रेंजर, सांसद प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।