logo

आरटीआई कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर बिहार पुलिस सतर्क, मुख्यालय ने सभी अधिकारियों को जारी किया निर्देश

पटना, बिहार | 17 जुलाई 2025
बिहार में आरटीआई कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर एक अहम कदम उठाया गया है। गृह विभाग की विशेष शाखा के निर्देश पर बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना ने राज्य के सभी क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों को एक महत्वपूर्ण पत्र जारी किया है। इस पत्र में स्पष्ट तौर पर आरटीआई कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

यह पत्र सभी क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक (रेल और यातायात सहित) को भेजा गया है। इसमें यह उल्लेख किया गया है कि आरटीआई के माध्यम से भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करने वाले कार्यकर्ताओं को कई बार जान-माल की धमकी मिलती है, जो एक गंभीर चिंता का विषय है।

बिहार पुलिस मुख्यालय ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि:

आरटीआई कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई की जाए,

उन्हें तत्काल पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए यदि खतरे की आशंका हो,

किसी भी घटना की अनदेखी न की जाए और प्राथमिकी दर्ज करने में विलंब न हो,

आरटीआई कार्यकर्ताओं की सूची स्थानीय थाने स्तर पर तैयार की जाए और उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए ताकि उन्हें समय रहते सुरक्षा दी जा सके।

इस निर्देश के बाद राज्य भर के आरटीआई कार्यकर्ताओं ने संतोष जताया है और कहा है कि यह कदम उनकी सुरक्षा के लिए एक सकारात्मक पहल है। वहीं, सामाजिक संगठनों ने भी इस फैसले का स्वागत किया है और इसे पारदर्शिता और जवाबदेही के पक्ष में एक बड़ा निर्णय बताया है।

गौरतलब है कि आरटीआई कानून को पारित हुए 20 वर्ष हो चुके हैं और इसके माध्यम से आम नागरिकों ने कई बड़े घोटालों और प्रशासनिक लापरवाहियों को उजागर किया है, लेकिन कई बार इन्हीं कारणों से उन्हें खतरे का सामना भी करना पड़ता है।

अब देखना यह होगा कि पुलिस मुख्यालय का यह निर्देश जमीनी स्तर पर कितनी प्रभावी कार्रवाई में तब्दील होता है।

43
1183 views