logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आंध्रप्रदेश में जालोर के दो युवकों की मौत

जालोर। आंध्रप्रदेश के अनंतपुर जिले के कल्याण दुर्गम क्षेत्र में एक खेत में बने फार्म पोंड में डूबने से जालोर के दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक खेत में पपीते खाने गए थे, इसके बाद हाथ धोने के लिए खेत में बने पोंड पर पहुंचे। इसी दौरान एक युवक फिसलकर पानी में गिर गया, उसे बचाने के लिए दूसरा कूदा, लेकिन दोनों ही डूब गए। उनके साथ मौजूद तीसरे युवक ने पास के ग्रामीणों को सूचना दी, लेकिन जब तक लोग पहुंचे, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। यह हादसा मंगलवार को हुआ।
मृतकों की पहचान सुमेरगढ़ खेड़ा निवासी जालाराम पुत्र अमराराम देवासी और आहोर के देवकी गांव निवासी भगवतसिंह पुत्र प्रतापसिंह के रूप में हुई है। दोनों के शव गुरुवार शाम को जालोर पहुंचे। उनके साथ मौजूद गोगा वाड़ा (जालोर) निवासी सुरेश ने ग्रामीणों को बुलाया था।

मजदूरी कर रहे थे दोनों युवक

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक भगवतसिंह आंध्रप्रदेश में पिछले पांच सालों से इलेक्ट्रॉनिक्स का काम कर रहा था। उसकी शादी एक साल पहले ही हुई थी। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता प्रतापसिंह मुंबई में कपड़ों की दुकान पर काम करते हैं।
वहीं, जालाराम अपने जीजा के साथ हार्डवेयर की दुकान पर काम करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके माता-पिता हरियाणा में पशुपालन का काम करते हैं।

116
43746 views

Comment