logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना जागृत करेगा संस्कृति ज्ञान महा अभियान- छठु साह

सरस्वती विद्या मंदिर दौलतपुर में हुई बैठक, आचार्यों को सौंपी गई जिम्मेदारियाँ

जमालपुर (5 जून 2025)।
भारतीय संस्कृति, परंपरा और नैतिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार हेतु विद्या भारती द्वारा संचालित ‘संस्कृति ज्ञान महा अभियान’ को लेकर शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर, दौलतपुर जमालपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के पदाधिकारी, प्रधानाचार्य, उपप्रधानाचार्य सहित सभी आचार्य-आचार्याओं ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य छठु साह ने कहा कि संस्कृति समाज की आत्मा है। राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए विद्यार्थियों को भारतीय परंपरा आधारित दृष्टिकोण से समृद्ध करना आवश्यक है। यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने वाला जनजागरण है।
विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव चंद्रशेखर खेतान ने कहा कि विद्या भारती शिक्षा को जीवन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के पक्ष में रही है। यह अभियान उसी दिशा में एक सशक्त प्रयास है। विद्यालय समिति इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु हर संभव सहयोग करेगी।
कोषाध्यक्ष सुधीर सिंह ने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत विद्यालय में भारतीय परंपरा आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का विकास होगा।
उपप्रधानाचार्य संतोष कुमार ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मगौरव, नैतिकता और राष्ट्रीय चेतना का संचार करना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक आचार्य को विभिन्न गतिविधियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान की शुरुआत विद्यालय स्तर से होगी और इसे नगर एवं क्षेत्रीय स्तर तक विस्तार देने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। यह भी तय किया गया कि विद्यालय में नियमित रूप से भारतीय परंपरा आधारित गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों के व्यवहार और चेतना में मूल्यों का समावेश हो।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से समिति सदस्य उदय कुमार, शैल कुमारी, सरस्वती शिशु मंदिर मुंगेरपथ की प्रधानाचार्या किरण कुमारी सहित सभी आचार्य आचार्या उपस्थित थे।

159
2750 views

Comment