logo

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में 55 आचार्यगणों द्वारा वेद पारायण पाठ का आयोजन

वाराणसी। श्री स्वामी नारायणानंद तीर्थ वेद विद्यालय द्वारा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर स्थित नंदी हॉल में वेद पारायण पाठ का आयोजन हुआ। वेद पारायण के इस आयोजन में भारतवर्ष के विभिन्न राज्यों से पधारे 55 आचार्यगण ने सम्मिलित होकर वैदिक मंत्रों का सामूहिक उच्चारण किया। इस कार्यक्रम में देश के प्रमुख वेद विद्यालयों से आए आचार्यगण ने वेदों के पावन मंत्रों का पारायण कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से आलोकित कर दिया। यह आयोजन वेदपाठ की महान परंपरा को समर्पित था। इस शास्त्रीय वेद पाठ कार्यक्रम द्वारा सनातन संस्कृति की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक सशक्त प्रयास किया गया। वेद पारायण के माध्यम से श्रुति स्मृति परंपरा को जीवंत बनाए रखने और वैदिक ज्ञान के प्रचार-प्रसार का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ।

इस आयोजन के संयोजक श्री चल्ला सुब्बाराव , चल्ला अन्नपूर्णा प्रसाद , श्री के वेंकटरमण घनपाठी और श्री अमित पांडेय जी रहे। आयोजन का प्रारंभ दोपहर 3 बजे से हुआ। वेद पारायण का समापन सभी वैदिक विद्वानों का शास्त्रीय रीति से सम्मान करते हुए किया गया। इस अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री विश्व भूषण ने सभी विद्वानों को अंग वस्त्रम एवं रुद्राक्ष माला भेंट कर सम्मानित किया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा समस्त वेद पारायण करने वाले वेदपाठी साधकों को ₹1100 की दक्षिणा भी भेंट की गई। पारायण के पावन आयोजन का समापन अत्यंत भक्तिमय वातावरण में किया गया वेद परायण के समापन के उपरान्त सभी "वेद पाठी विद्वानों" ने एक स्वर में "हर हर महादेव" तथा "जय विश्वनाथ" के गगनभेदी जयघोष किए। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ऐसे समस्त सनातन शास्त्रीय आयोजन एवं लोकाचार को निरंतर प्रोत्साहित करने हेतु कृतसंकल्प है।

0
1061 views