logo

सेव माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत चार कर्मचारियों ने समूह की महिलाओं से पांच लाख 86 हजार 784 रुपये की ठगी

दुदही कस्बे के सेव माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत चार कर्मचारियों ने समूह की महिलाओं से पांच लाख 86 हजार 784 रुपये की ठगी की है। यह राशि समूह के किस्त की थी, जिसे कर्मी लेकर फरार हो गए हैं।महिलाओं के दबाव बनाने पर कंपनी के एरिया मैनेजर ने अपने चारों कर्मचारियों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि कर्ज के रुपये जमा करने के बाद भी महिलाओं से दोबारा वसूली गई। इसको लेकर महिलाएं परेशान हैं। दुदही बाजार में सेव माइक्रो फाइनेंस कंपनी की शाखा है। इस कार्यालय में कंपनी के चार कर्मचारियों ने दशहवा, गौरीजगदीश, बनारहा, देवरिया वृत्त आदि गांवों की 50 से अधिक महिलाओं में कर्ज वितरण किया था। समूह की महिलाओं को दिए गए कर्ज की किस्त वसूलकर चारों कर्मचारियों ने जमा नहीं किए।

वसूली नहीं होने पर कंपनी के दूसरे कर्मचारी गांव में गए तो पता चला कि कर्ज लेने वाली महिलाएं अपना रुपये जमा कर चुकी हैं।इसके बाद महिलाओं से उन कर्मचारियों ने खाते से ओडी हटवाने के लिए 500 से 1000 रुपये तक की वसूला की। खाते पर ओडी होने के कारण इन महिलाओं को दूसरे माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से कर्ज नहीं मिल रहा था।

इसके बाद महिलाओं ने कंपनी की शाखा दुदही के एरिया मैनेजर विकास मिश्रा से मिलकर शिकायत की और ओडी हटाने के लिए दबाव बनाने लगीं। एरिया मैनेजर ने कंपनी के उच्चाधिकारियों से बात करने के बाद पुलिस को तहरीर दिया। एरिया मैनेजर ने बताया कि फील्ड स्टाफ के रूप में कार्यरत अभिषेक मिश्रा ग्राम टीकर थाना भाटपाररानी देवरिया विभिन्न सेंटर पर जाता था, जहां पर सदस्यों का पैसा जमा करता था।

इस तरह सितंबर 2021 की विभिन्न तारीख में कुल 18 महिलाओं का 2,20,040 रुपये जमा किया और उन क्लाइंट का पैसा आज भी बकाया दिखा रहा है। इसी तरह विनय साहनी ग्राम सरपताह आनंद नगर कैंपियरगंज गोरखपुर ने खुशी सहित कुल पांच सदस्यों का मार्च 2023 की विभिन्न तारीखों में 90,000 रुपये की हेरा-फेरी कर ली। इसमैं से दो माह में 50 हजार रुपये दिया लेकिन अभी तक 40,000 बकाया दिखा रहा है, जो कंपनी में नहीं जमा किया है।
इसके अलावा विनय कुमार पुत्र रामसुंदर ग्राम रतौली उरुवा बाजार, गोरखपुर ने हाटा से अप्रैल 2023 के पहले अलग-अलग तारीख में 20 सदस्यों के 2,76,744 रुपये लेकर जमा नहीं किया। ईश्वर कुमार निवासी जगजीवन नगर वार्ड नंबर 27 बेतिया पश्चिमी चंपारण बिहार का है।

उसने सितंबर 2024 के पहले विभिन्न तारीखों में 24 सदस्यों का कई सेंटरों से 70,477 रुपये ले लिया और जमा नहीं किया। कंपनी के अधिकारी जांच करने गए, पर घर पर कोई नहीं मिला। घर के लोग टाल मटोल कर रहे हैं। पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के चारों एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

32
680 views