logo

नगर निगम बनाएगा मास्टर प्लान, वाराणसी में जलजमाव की समस्या का होगा निदान, मिले चार करोड़


वाराणसी। शहर में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। इसके लिए अर्बन फ्लड प्रबंधन, जलप्लावन नियंत्रण और वर्षा जल निकासी योजना के तहत शासन स्तर से चार करोड़ रुपये धनराशि प्राप्त हुई है। नगर निगम प्रशासन की ओर से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के लिए एक विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। ऐसे में जलजमाव की समस्या से राहत की उम्मीद जग गई है।


पूर्व में नगर निगम द्वारा शासन से इस योजना के तहत धनराशि की मांग की गई थी, जिस पर शासन ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए यह अनुदान प्रदान किया है। मास्टर प्लान के लिए नगर निगम ने पहले ही निविदा आमंत्रित की थी, जिसके अंतर्गत देश के दो प्रमुख शहरों हैदराबाद और दिल्ली की प्रतिष्ठित फर्मों ने प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं।

इन दोनों फर्मों की निविदाओं का तकनीकी मूल्यांकन और परीक्षण किए जाने हेतु नगर निगम ने प्रस्ताव को लखनऊ स्थित सी.एंड.डी.एस. (C&DS) मुख्यालय को भेज दिया है। सी.एंड.डी.एस. द्वारा परीक्षण के उपरांत तकनीकी रूप से उपयुक्त फर्म का चयन किया जाएगा और फिर विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। मास्टर प्लान के अनुमोदन के बाद नगर निगम शहर के अलग-अलग हिस्सों में वर्षा जल निकासी की व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करेगा, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से स्थायी समाधान मिल सकेगा।




यह योजना वाराणसी जैसे धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन नगरी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। जलभराव की समस्या न केवल आमजनजीवन को प्रभावित करती है बल्कि शहर की छवि पर भी प्रभाव डालती है। ऐसे में नगर निगम की यह पहल शहर के टिकाऊ एवं सुनियोजित विकास की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है।

22
825 views