logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जीवन, जिज्ञासा और उत्तर प्रदेश की पावन भूमि


जीवन और दुनिया के अनगिनत स्थानों का महत्व संसार के कोने-कोने में विद्यमान है। फर्क केवल इतना है कि कोई व्यक्ति पूरी दुनिया के बारे में जान लेता है, तो कोई अपने आस-पास के स्थानों से भी अनभिज्ञ रह जाता है। किंतु हर इंसान के मन में कहीं न कहीं घूमने और नये स्थानों को जानने की जिज्ञासा बनी रहती है।


जिज्ञासा—एक ऐसा शब्द और अनुभूति है, जिससे व्यक्ति अपने मन की इच्छाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करता है। इसी कड़ी में यदि मैं आपको भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश आने का आग्रह कर रहा हूं, तो इसका एकमात्र कारण यह है कि यहां हर धर्म के प्रति आदर, अपनापन और ऐसा प्रेम-स्नेह मिलेगा जिसे आप जीवनभर अपने दिल में धरोहर की तरह संजो कर रखेंगे।


यूं तो मेरे देश के सभी राज्यों में घूमने-फिरने के असंख्य ऐतिहासिक स्थल हैं, और उनकी संस्कृति एवं परंपराओं को जानना एक जीवन में भी पूरा नहीं हो सकता। लेकिन उत्तर प्रदेश में वह अलौकिक धरती है, जहां पुरुषोत्तम श्रीराम और श्रीकृष्ण ने जन्म लिया। यहां आपको एक आदर्श पुरुष और आदर्श नारी के पवित्र चरित्र से सीखने और निष्ठावान प्रेम को देखने का अवसर मिलेगा।


वहीं बुद्ध भगवान के आदर्श जीवन की गहराई और उनके उपदेशों को समझने का अवसर भी यह भूमि प्रदान करती है। देवभूमि प्रयागराज और बाबा विश्वनाथ की पुण्य भूमि वाराणसी से अपनी अंतरात्मा को निर्मल और शांत करने की अनुभूति होती है, जो जीवन को सुखद बनाती है।


उत्तर प्रदेश का प्रत्येक जिला आधुनिकता और परंपरा का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है। जहां मैं निवास करता हूं, उस क्षेत्र की बात करूं तो देवरिया की पावन भूमि सिद्ध महात्मा देवरहा बाबा की साधना से पवित्र मानी जाती है। वहीं गोरखपुर में योगी गुरु गोरखनाथ जी ने धर्म, देश और समाज को दिशा देकर इसे विश्वपटल पर अद्वितीय पहचान दिलाई।


कुशीनगर की धरती, जहां बुद्ध भगवान ने महापरिनिर्वाण प्राप्त किया, उनकी शिक्षाओं और जीवन दर्शन को सहेज कर रखती है। यह क्षेत्र अपने ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व के कारण श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकृष्ट करता है।


पूरब से पश्चिम तक और उत्तर से दक्षिण तक, उत्तर प्रदेश का हर जिला अपनी सांस्कृतिक संपदा, पौराणिक गाथाओं और धार्मिक महत्व से अनूठा अनुभव देता है। यहां की यात्रा आपके मन में नयी जिज्ञासा और गर्व का संचार करेगी।


इसलिए जब भी आप घूमने की दृष्टि से कहीं जाने का विचार करें, उत्तर प्रदेश की इस पुण्य भूमि पर पधारें और अपनी श्रद्धा, प्यार और स्नेह से इस अनुभव को अविस्मरणीय बना लें।

धन्यवाद। ❤️🌹


124
2964 views

Comment