logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

हिन्दू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष का हुआ भव्य स्वागत


पीलीभीत। अखिल भारत हिन्दू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव सिंह राणा एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री विवेक वशिष्ठ के प्रथम बार पीलीभीत आगमन पर सोमवार को संगठन द्वारा एक भव्य स्वागत एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिलेभर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष द्वारा विवेक श्रीवास्तव को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी की जिम्मेदारी भी दी गई।
प्रदेश अध्यक्ष का आगमन पूर्व निर्धारित समयानुसार दोपहर 12 बजे खमड़िया पुल पर हुआ, जहाँ कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जय श्रीराम के नारों के साथ उनका गरिमापूर्ण स्वागत किया। जय श्री राम के जयघोष से गूंजते वातावरण में संगठन की एकता और ऊर्जा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
इसके पश्चात समस्त कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उर्मिल बारात घर पहुँचे, जहाँ कार्यकर्ता मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यकर्ता मिलन समारोह का संचालन संरक्षक संजय पांडेय ने किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया और संगठन के जिला स्तर पर हो रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिन्दू महासभा केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक विचारधारा है जो भारत की सनातन आत्मा और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से संगठन से जुड़ने और समाज में सांस्कृतिक चेतना फैलाने का आह्वान किया। इस दौरान विवेक श्रीवास्तव को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया। प्रदेश कार्यालय मंत्री ने कहा कि हिन्दू महासभा एक राजनीतिक संगठन है और यह भारत की सबसे पहली पार्टियों में से एक है, जिसकी स्थापना 1885 में हुई थी। हिन्दू महासभा पूरे देश में जातियों में बंटे हिंदुओं को एकत्र करने के लिए कार्य कर रही है।
इसके उपरांत दोपहर में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें जिले के प्रमुख पत्रकारों ने भाग लिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष ने वर्तमान सामाजिक चुनौतियों, धर्म और राष्ट्र की स्थिति पर संगठन की स्पष्ट भूमिका रखी। उन्होंने कहा कि जब सनातन संस्कृति पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं, तब हिन्दू महासभा जैसी संस्थाओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
कार्यक्रम के समापन पर जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा ने समस्त कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत उसकी एकजुटता और सेवा भावना में निहित है।
इस अवसर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी विवेक श्रीवास्तव, संरक्षक संजय पांडेय, जिला अध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा, जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप, बीसलपुर अध्यक्ष सुनील अवस्थी, बीसलपुर महामंत्री अवनीश रतन, पूरनपुर अध्यक्ष धनंजय मिश्रा, बिलसंडा अध्यक्ष विकास मिश्रा, महिला जिलाध्यक्ष बिंदु सिंह, महिला महामंत्री कविता वंशवाल, नगर अध्यक्ष सुमन कश्यप सहित संगठन की विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा व कार्यकारिणी सदस्यगण उपस्थित रहे।

138
4625 views

Comment