
कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने कहा कि, सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन ग्रेडिंग में सुधार लाए।
कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने कहा कि, सभी विभाग सीएम हेल्पलाईन ग्रेडिंग में सुधार लाये। सीएम हेल्पलाईन प्राथमिकता का विषय है, प्रकरणों का निराकरण शीघ्र करें।
रिपोर्टर भगवानदास शाह ✍️
बुरहानपुर मध्यप्रदेश।विभागवार अधिकारियों से सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के संबंध में गहनता के साथ चर्चा की गयी। विदित है कि, सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक संपन्न हुई।
समीक्षा एवं प्रगति लाने के निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम डेशबोर्ड, पीएम आवास, ई-केवायसी, खाद्यान्न वितरण, आधार अपडेशन, समाधान विषयों इत्यादि बिन्दुओं पर चर्चा की, प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने हेतु निर्देशित किया।
पौधारोपण तैयारियां
कलेक्टर श्री सिंह ने पौधारोपण अभियान के तहत विभागों से जानकारी प्राप्त की। कार्ययोजना अनुसार पौधारोपण तैयारियों के लिए विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। सुरक्षित स्थानों पर पौधारोपण करने एवं उनकी देखभाल करने के भी निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि विभाग अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यानुसार आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
स्कूली बसों के जांच के निर्देश
बैठक में स्कूली बसों की समुचित जांच करने के निर्देश जिला परिवहन अधिकारी को दिये गये। निर्देशित किया गया कि, जांच के दौरान जो स्कूल बसें अनफिट मिलती है, इस संबंध में संचालकों को नियमानुसार नोटिस देकर वाहन को कंडम घोषित करने की कार्यवाही की जायें। परिवहन अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी इस विषय को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही करें।
कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों से निरीक्षण रिपोर्ट की जानकारी प्राप्त की। लेख है कि, अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत अधीनस्थ संस्थाओं एवं कार्यालयों के निरीक्षण करने के निर्देश है।
स्वरोजगार योजनाओं पर करें फोकस
बैैठक में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियान, पेयजल आपूर्ति, राजस्व वसूली, आयुष्मान प्रगति, पुनर्घनत्वीकरण योजना सहित अन्य विषयों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने निर्देशित किया कि, स्वरोजगार योजनाओं पर फोकस कर, कार्यों में तेजी लायी जायें।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री लता शरणागत, अपर कलेक्टर श्री वीरसिंह चौहान सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण मौजूद रहें।