logo

भारतीय जनता पार्टी के राज्य राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी परम पूज्य अहिल्याबाई की 300 वीं जयंती के अवसर पर जयपुर में

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज भाजपा न केवल भारत की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी के रूप में उभरी है। यह सब उस विचार और विश्वास के आधार पर हुआ है, जिसे लेकर हम आगे बढ़े थे। वहीं, दूसरी ओर कुछ ऐसी भी पार्टियां हैं जिनके पास कोई स्पष्ट विचार और नीति नहीं है, और उनका हश्र सभी के सामने है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर ने अपनी परंपरा, नीति और विचार के माध्यम से देश को आगे बढ़ाया। उनके द्वारा स्थापित धार्मिक और सांस्कृतिक सुधारों का प्रभाव आज भी हमारी समाज की नींव में समाहित है।

सीएम भजनलाल शर्मा ने लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर को महिला सशक्तिकरण और न्याय की प्रतीक बताते हुए कहा कि लोकमाता एक दिव्य और विलक्षण महिला थीं, जिन्होंने सांस्कृतिक सशक्तिकरण से लेकर हर क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ी। वे सैन्य और प्रशासन में प्रशिक्षित थीं। राजमाता होल्कर ने सनातन संस्कृति की सच्ची संरक्षिका के रूप में अपने जीवन को समर्पित किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भी सनातन संस्कृति का उत्थान हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सशक्तिकरण को एक अहम एजेंडा बनाया है, और उन्होंने चार जातियों में देश को विभाजित करते हुए महिला, युवा, किसान, और मजदूर के कल्याण एवं उत्थान की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में बेहतर कार्य कर रही है। भाजपा के संकल्प पत्र के सभी वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीयता की भावना पूरे देश में देखी जा रही है, और राजस्थान में तिरंगा यात्रा का आयोजन भी एक बड़ा उदाहरण है। इन यात्राओं से राज्य में एक नया जोश और उत्साह पैदा हो रहा है। सीएम शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और बहुत जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के रूप में देखने का सपना हमारी पीढ़ी ने देखा है, और हम इस दिशा में पूरे देश को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सीएम शर्मा ने कहा कि हमें महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने जनता के लिए जीवन जीया। उनके जीवन को आत्मसात करना चाहिए और उनके आचरण को अपनी ज़िन्दगी में उतारना चाहिए। यही भारत की नई पहचान होगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने जेपी नड्डा की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के मार्गदर्शन में भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनी है। इन्होंने ना केवल संगठन में बल्कि केंद्र सरकार में रहते हुए आमजन के लिए बेहतर योजनाओं को क्रियान्वयन किया है। इसी तर्ज पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी आम आदमी के जीवन को मजबूती प्रदान करने की दिशा में कार्य करते हुए राजस्थान के विकास के लिए नए आयाम स्थापित कर रहे है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की न्याय प्रियता को लेकर गाय के बछडे की मृत्यु का एक वृतांत सुनाया। राठौड़ ने कहा कि लोकमाता एक कुशल यौद्धा, शासक और न्याय प्रिय महिला थी। न्याय के लिए राजमाता ने अपने—पराये में भेद नहीं किया। न्याय मूर्ति राजमाता होल्कर ने अपने पुत्र तक को सजा देने में संकोच नहीं किया। राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया कि आपरेशन सिंदूर के बाद जहां देश में राष्ट्रीय जज्बा बढ़ाने के लिए तिरंगा और सिंदूर यात्राएं निकाली जा रही है, वहीं राष्ट्रीय चरित्र युक्त व्यक्तित्व निर्माण के लिए हमारे महापुरूषों के जीवन वृतांत को भी जन जन तक पहुंचाया जा रहा है। यह कार्य सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही संभव हो सकता है।


पुण्यश्लोक राजमाता अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती पर एंटरटेनमेंट पैराडाइज में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष डॉ अरूण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, सीपी जोशी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड,भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, सांसद मंजू शर्मा, राव राजेंद्र सिंह, दामोदर अग्रवाल, घनश्याम तिवाडी, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री भारती पंवार, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, सहित कई अन्य भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ. वासुदेव चावला और सह संयोजक सुमन शर्मा ने मंच संचालन किया। भाजपा पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी का 51—51 किलो की फूल मालाओं से स्वागत—अभिनंदन भी किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मातृ शक्ति, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

3
79 views