
कांग्रेस अपने बलबूते पर लड़ेगी पंचायत चुनाव : अजय राय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि
कांग्रेस अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव अपने बलबूते पर लड़ेगी। पंचायत चुनाव में किसी भी पार्टी के साथ समझौता नहीं होगा। कांग्रेस पंचायत चुनाव में जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य व ब्लाक प्रमुख पदों के साथ ही ग्राम पंचायत स्तर तक अपना प्रदर्शन करेगी। पार्टी कार्यकर्ता अभी से इसकी तैयारी शुरू कर दें और ग्राम पंचायत स्तर तक पार्टी को मजबूती प्रदान करें। पंचायत चुनाव में उसके सार्थक परिणाम आपके समक्ष होंगे। वह बृहस्पतिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संगठन सृजन कार्यशाला-2 को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जननायक राहुल गांधी ने 2025 को संगठन सृजन का वर्ष घोषित किया है। हमें पूरे जज्बे, लगन और मेहनत से संगठन का सृजन करना है और कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना है। हमने समन्वयकों में बहुत सारे वरिष्ठ कांग्रेसजनों को भी शामिल किया है ताकि संगठन सृजन में उनके अनुभवों का लाभ लिया जा सके। उन्होंने कहा कि 07 मई को हुए संगठन सृजन कार्यशाला में जो समन्वयक, जिला व शहर अध्यक्ष किन्ही कारणों से सम्मिलित नहीं हो पाये थे उन्ही के लिए आज संगठन सूजन कार्यशाला-2 का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। आप सभी मिलकर बेहतर जमीनी और कर्मठ लोगों को लेकर संगठन का निर्माण कीजिए। उन्होंने कहा कि समयबद्धता जरूरी है, दी हुई समय सीमा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कीजिए। 25 तारीख की पहली समय सीमा का पालन आप लोगों ने पूरी निष्ठा के साथ किया। अगला लक्ष्य 15 जून है जिसमें हमें ब्लाक अध्यक्ष एवं उनकी कमेटियां गठित करनी है। राज्य कांग्रेस मुख्यालय और जिलों के मध्य समन्वय स्थापित करने एवं कार्य प्रगति जानने के लिए कांग्रेस वार रूम की तरफ से प्रत्येक जिले के नोडल अधिकारी बनाये गये हैं, जो अपने-अपने सम्बन्धित जनपदों के जिला व शहर अध्यक्ष एवं जिला समन्वयकों से संपर्क बनाये रखेंगे। कार्यशाला में मौजूद पदाधिकारियों ने भी प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष अपने अनुभवों को साझा किया और संगठन सूजन अभियान को और बेहतर बनाने के लिए कई सार्थक सुझाव भी दिये। कार्यशाला में पूर्व विधायक सोहिल अख्तर अंसारी एवं राजकुमार रावत भी शामिल रहे।