logo

पीडीए मॉडल से सत्ता में वापसी का रोडमैप तैयार कर रही है सपा: वीर सिंह यादव

खतौली (मुज़फ्फरनगर), 25 मई 2025
समाजवादी पार्टी द्वारा खतौली विधानसभा क्षेत्र में बूथ और सेक्टर प्रभारियों की एक अहम समीक्षा बैठक मंगलवार को सैनी नगर स्थित सैनी धर्मशाला में आयोजित की गई। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस समीक्षा बैठक के मुख्य अतिथि एवं पार्टी के पर्यवेक्षक वीर सिंह यादव रहे, जिन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक तैयारियों और रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी इस बार 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के दम पर 2027 में उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी करेगी। वीर सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का वोट बैंक लगातार मजबूत हो रहा है और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की भागीदारी पार्टी को जीत दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का प्रभाव बढ़ा है, और पार्टी कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे इसके माध्यम से सरकार की नाकामियों और सपा की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं। समीक्षा बैठक में उन्होंने पदाधिकारियों की उपस्थिति व अनुपस्थिति का आंकलन कर संगठन की कार्यप्रणाली को और सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने भी केंद्र और राज्य की सरकारों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि मौजूदा डबल इंजन सरकार जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसान उत्पीड़न और शिक्षा क्षेत्र में गिरावट जैसे मुद्दों पर सरकार विफल रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संविधान की मूल भावना के खिलाफ काम किया जा रहा है, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामलाल बच्ची सैनी ने कहा कि अब समय आ गया है कि पूंजीवादी सोच वाली सरकार को हटाकर समाजवादी विचारधारा को फिर से उत्तर प्रदेश में स्थापित किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठित और उत्साही होकर चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी ने की, जबकि संचालन विधानसभा अध्यक्ष सत्यदेव शर्मा द्वारा किया गया। बैठक में प्रदेश सचिव इलम सिंह गुर्जर, जिला महासचिव विकिल अहलावत, नगर अध्यक्ष इरफान टेंपू, महिला सभा जिलाध्यक्ष सुषमा सैनी, यूथ ब्रिगेड जिला उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल, विधानसभा महासचिव शादाब परदेशी, ब्लॉक अध्यक्ष नरेश कश्यप, रविकांत त्यागी, इकबाल अहमद, निशा कात्यान, गजेंद्र प्रधान, खिजर क़ाज़ी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। समीक्षा बैठक के दौरान उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सक्रियता बढ़ाने और एकजुटता के साथ आगामी चुनावों की तैयारी का संकल्प लिया। यह बैठक सपा की संगठनात्मक शक्ति को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

3
90 views