logo

सरायकेला, झारखंड (संवाददाता): द प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के चुनाव परिणाम घोषित, मनमोहन सिंह राजपूत तीसरी बार बने अध्यक्ष, प्रमोद सिंह महासचिव निर्वाचित, जबकि संजीव कुमार मेहता को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना गया

सरायकेला-खरसावां जिला के एकमात्र मान्यता प्राप्त पत्रकार संगठन द प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के सत्र 2025-27 के लिए शनिवार को हुए चुनाव में संगठन को नया महासचिव मिला है। अध्यक्ष पद पर मनमोहन सिंह राजपूत ने लगातार तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित होकर पद की कमान संभाली, जबकि संजीव कुमार मेहता को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना गया।

महासचिव पद को लेकर इस बार मुकाबला खासा रोचक और कड़ा रहा। मतदान की प्रक्रिया के बाद घोषित परिणाम में प्रमोद सिंह ने निवर्तमान महासचिव मोहम्मद रमजान अंसारी को 9 मतों के अंतर से पराजित कर पहली बार महासचिव पद पर विजय प्राप्त की।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय परिसर में आयोजित इस चुनाव में कुल 52 पत्रकारों ने हिस्सा लिया, जिसमें एक मत को अमान्य करार दिया गया। शेष 51 मतों में प्रमोद सिंह को 30 वोट मिले, जबकि रमजान अंसारी को 21 मत प्राप्त हुए। चुनाव के लिए अविनाश कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था, जबकि विजय पॉल दंडाधिकारी की भूमिका में रहे। पर्यवेक्षक के रूप में एमडी दिलदार अंसारी, संतोष कुमार एवं के दुर्गा राव की मौजूदगी रही।

"यह जीत पत्रकार समाज की है": मनमोहन सिंह राजपूत

अध्यक्ष पद पर लगातार तीसरी बार निर्विरोध चुने जाने पर मनमोहन सिंह राजपूत ने सभी पत्रकार साथियों का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि जिले के समस्त पत्रकारों की है। उन्होंने कहा कि पूर्व के दो कार्यकाल उपलब्धियों से भरे रहे, और इस बार पत्रकार नगर की परिकल्पना को साकार करने का प्रयास होगा। क्लब से जुड़े पत्रकारों को भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने अपील की कि जो पत्रकार अभी तक सदस्य नहीं बने हैं, वे जुड़कर संगठन को और मजबूत बनाएं।

रमजान अंसारी की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए राजपूत ने कहा कि यह संगठन का आंतरिक मामला है। रमजान ने संगठन को चार वर्षों तक सेवा दी है और उनके लिए भविष्य में एक उपयुक्त पद की सृजन कर सम्मानजनक स्थान दिया जाएगा।

"आस्था और विश्वास का सम्मान करूंगा": प्रमोद सिंह

महासचिव निर्वाचित होने के बाद प्रमोद सिंह ने साथियों का आभार जताते हुए कहा कि पत्रकारों ने जो भरोसा जताया है, उसे वे हर हाल में निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सुख-दुख में हर वक्त साथ खड़े रहेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।

"हार स्वीकार, कोई मतभेद नहीं": रमजान अंसारी

वहीं हार स्वीकार करते हुए निवर्तमान महासचिव मोहम्मद रमजान अंसारी ने संगठन को शून्य से शिखर तक पहुंचाने का श्रेय सभी साथियों को दिया। उन्होंने कहा कि शायद कुछ साथियों को कार्यशैली से असहमति रही होगी, जिसकी नैतिक जिम्मेदारी वह स्वयं लेते हैं। अंसारी ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

71
4280 views