logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जालौन: सड़क हादसे में युवक की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, शव रखकर गोहन-माधौगढ़ मार्ग जाम..

माधौगढ़, जालौन में रविवार को एक सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गोहन-माधौगढ़ मार्ग पर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। जिससे मार्ग पर कई घंटों तक यातायात ठप रहा।
यह घटना बुधवार शाम को हुई थी, जब गोहन थाना क्षेत्र के निवासी अनिल कुमार दोहरे ने अपनी मोटरसाइकिल से भूपेंद्र (20) पुत्र पंचम सिंह को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे तत्काल इलाज के लिए ले जाया गया था। हालांकि, रविवार को इलाज के दौरान भूपेंद्र ने दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार दोहरे के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना था कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में ढिलाई बरती, जिसके कारण उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
रविवार दोपहर बाद गुस्साए परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भूपेंद्र के शव को गोहन-माधौगढ़ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इसके चलते मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही माधौगढ़ के सीओ राम सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और उन्होंने किसी भी पुलिस अधिकारी की बात सुनने से इनकार कर दिया। प्रदर्शनकारी डीएम और एसपी को मौके पर बुलाकर अपना पक्ष रखना चाहते थे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी एवं कड़ी कार्रवाई का आश्वासन चाहते थे। सीओ राम सिंह ने ग्रामीणों को शांत करने और जाम खुलवाने की काफी कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
लगातार बढ़ते तनाव को देखते हुए, स्थानीय उपजिलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत शुरू की। आखिरकार, एसडीएम और सीओ ने संयुक्त रूप से ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि आरोपी अनिल कुमार दोहरे को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले में पूरी निष्पक्षता से जांच करेगी।
अधिकारियों से ठोस आश्वासन मिलने के बाद, शाम करीब 6 बजे ग्रामीणों ने सड़क से जाम हटा लिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने बताया कि आरोपी अनिल कुमार दोहरे की मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे है। इलाके में व्याप्त तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

148
8256 views

Comment