logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अंजनी गुप्ता केवलारी डबल मर्डर केस  


 केवलारी (सिवनी): शुक्रवार देर रात केवलारी थाना क्षेत्र में दो युवकों की धारदार हथियार से की गई नृशंस हत्या के बाद शनिवार को क्षेत्र में उबाल आ गया। आक्रोशित नागरिकों ने सुबह से ही केवलारी थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया, वहीं एक शराब दुकान में आगजनी कर दी गई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर यातायात अवरुद्ध कर दिया। हालात तनावपूर्ण होते देख सिवनी पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी समेत आसपास के थानों की पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया।

दो युवकों की बेरहमी से हत्या

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 11:30 बजे परासपानी गांव निवासी अमन बघेल (20 वर्ष) पिता चंद्र कुमार बघेल एवं रूपक बघेल (25 वर्ष) पिता स्व. सुरेश बघेल की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक कृषि कार्य के बाद केवलारी आए थे। खिरका मोहल्ला स्थित खेरमाई मंदिर के पास किसी ठाकुर द्वारा फोन कर उन्हें बुलाया गया था। वहां पहुंचते ही पहले से घात लगाए आरोपियों ने दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया।
घटना में गंभीर रूप से घायल युवकों को तत्काल केवलारी अस्पताललाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश डॉक्टरों ने वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को सिवनी में किया जाएगा।मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि केवलारी के एक ठाकुर परिवार के पिता-पुत्र समेत अन्य लोगों ने मिलकर इस हत्या को अंजाम दिया है। परिजनों के अनुसार यह एक पूर्व नियोजित साजिश थी और दोनों युवकों को फंसा कर खेरमाई मंदिर के पास बुलाया गया था। फिलहाल केवलारी पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।क्षेत्र में बढ़ते अपराधों से जनता में आक्रोश

घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह से ही व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और सैकड़ों की संख्या में नागरिक थाना परिसर पहुंच गए। लोगों ने हत्या के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग के साथ क्षेत्र में बढ़ते अपराधों और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर नाराजगी जाहिर की।नागरिकों का आरोप है कि केवलारी में चोरी, लूटपाट और अब हत्या जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन पूरी तरह से लापरवाह बना हुआ है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केवलारी थाना प्रभारी को हटाने की भी मांग की।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व एसडीओपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। स्थिति को शांत करने के लिए पुलिस अधिकारी लगातार नागरिकों से संवाद कर रहे हैं। प्रशासन ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

265
11840 views

Comment