logo

पीलीभीत: बरात में झगड़े के बाद युवकों ने भागने के लिए दौड़ाई कार, एक महिला की मौत...चार घायल

माधोटांडा, त्रिलोक न्यूज़: बरात में हुए झगड़े के बाद कार सवार युवकों ने एक महिला की जान ले ली, जबकि चार अन्य घायल हो गई। बताते हैं कि भागते वक्त कार सवारों ने महिलाओं को टक्कर मार दी और फिर कुचलते हुए निकल गए। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
घटना माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम ढकिया ताल्लुके महाराजपुर में हुई। बताते हैं कि यहां के रहने वाले एक ग्रामीण की पुत्री की शनिवार रात शादी थी। गजरौला थाना क्षेत्र के बेबी सिंह कॉलोनी माला से बरात आई थी। देर रात करीब 11 बजे के बाद बरात में झगड़ा हो गया।

इसके बाद कार में सवार होकर कुछ लोग भागने की कोशिश करने लगे। वहां पर बरात में आई महिलाएं भी खड़ी हुई थी। आरोप है कि नशे में धुत कार सवारों ने भागने के लिए लापरवाही से वाहन आगे-पीछे किए और महिलाओं को टक्कर मारते हुए निकल गए।
इस घटना में गांव की रहने वाली 45 वर्षीय रेनू हलधर पत्नी सुरजन हलधर की मौत हो गई। उसे परिजन उत्तराखंड के खटीमा के एक अस्पताल में आनन-फानन में दिखाने ले गए थे। मगर जान नहीं बच सकी। वहीं पर महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

इस घटना में चार अन्य महिलाएं भी घायल हो गई। ग्राीमणों ने पीछा करते हुए पुलिस को सूचना दी। बताते हैं कि चूका बैरियर के पास से पुलिस ने कार सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया। उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। रविवार को भी घटना को लेकर गुस्साए ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर थाने पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

0
0 views