logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सिरगिट्टी क्षेत्र को बिलासपुर नगर निगम से पृथक कर स्वतंत्र नगरपालिका का दर्जा देने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है।

सिरगिट्टी क्षेत्र को बिलासपुर नगर निगम से पृथक कर स्वतंत्र नगरपालिका का दर्जा देने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। शुक्रवार को नवयुवक संघर्ष समिति के नेतृत्व में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे पर संगठित रूप से आवाज़ बुलंद की। सुशासन तिहार समाधान शिविर के दौरान निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते हुए उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं और प्रशासनिक असुविधाओं का विस्तार से उल्लेख किया। अपर आयुक्त के समक्ष जोन कमिश्नर प्रवेश कश्यप की उपस्थिति में यह ज्ञापन सौंपा गया।

पूर्ववर्ती सरकार द्वारा सिरगिट्टी नगर पंचायत को बिना स्थानीय जनमत के नगर निगम में विलय कर दिए जाने के निर्णय को अनुचित ठहराते हुए समिति ने इसे क्षेत्रीय विकास में बाधा बताया। वक्ताओं का कहना था कि नगर निगम के अधीन आने के बाद से सिरगिट्टी की विकास गति थम गई है, वहीं स्थानीय जनता पर टैक्सों का अतिरिक्त बोझ पड़ने लगा है।

वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज दुबे ने कहा कि सिरगिट्टी को यदि नगरपालिका का दर्जा दिया जाता है, तो यह न केवल प्रशासनिक प्रक्रिया को सरल बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय नागरिकों को योजनाओं का त्वरित लाभ भी मिलेगा। छोटे प्रशासनिक ढांचे में स्थानीय समस्याओं पर तेजी से निर्णय और क्रियान्वयन संभव हो सकेगा। साथ ही नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद व सहभागिता भी सशक्त होगी।

नवयुवक संघर्ष समिति के संयोजक द्रोण सोनकलिहारी ने कहा कि नगर निगम के बड़े दायरे में सिरगिट्टी जैसी उपनगरीय बस्तियों की समस्याएं हाशिए पर चली जाती हैं। सफाई, जल निकासी, सड़क मरम्मत और नई जनसुविधाओं के विकास जैसे बुनियादी कार्यों में लगातार बाधाएं आ रही हैं। जोन कार्यालयों की दूरी और बजट में असमान हिस्सेदारी से आम नागरिकों को निरंतर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र से एकत्र करों का समुचित लाभ स्थानीय जनता को नहीं मिल पा रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से समिति ने मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन विभाग से अपील की है कि सिरगिट्टी की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या और राजस्व संसाधनों को ध्यान में रखते हुए इसे जल्द से जल्द स्वतंत्र नगरपालिका घोषित किया जाए, ताकि क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिल सके।
कार्यक्रम में भाजपा नेता मनोज दुबे, दिनेश कौशिक, बलराम देवांगन, सुंदर सिंह, विजय सिंह मरावी, संजय सिंह सहित नवयुवक संघर्ष समिति के द्रोण सोनकलिहारी, सुनील सिंह, लक्की दुबे, पप्पू निर्मलकर, राकेश सिंह, सूर्यकांत मिश्रा, नानू यादव, सुरेंद्र नायक, दीपक विश्वकर्मा, आनंद श्रीवास, लव मानिकपुरी, विकास ध्रुव, हरीश यादव, ज्योत सिंह, अनिल कोरी और सन्नी कौशिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे

121
2037 views

Comment