
क्षेत्रीय विकास पार्टी ने भगवान परशुराम शोभा यात्रा में लगाया सेवा शिविर, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजबीर सिंह वर्मा ने स्वयं निभाई सेवाएं
खतौली। रविवार को कस्बे में आयोजित भगवान परशुराम की भव्य शोभा यात्रा में क्षेत्रीय विकास पार्टी ने अपनी सेवाभावना से श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवीर सिंह वर्मा के नेतृत्व में लगाए गए सेवा शिविर में श्रद्धालुओं के लिए जलपान, शीतल जल, प्रसाद वितरण उत्तम व्यवस्था की गई, जिससे हर आगंतुक को न केवल सेवा मिली, बल्कि भक्ति भाव का अनुभव भी हुआ। शोभा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जब क्षेत्रीय विकास पार्टी के सेवा शिविर के समीप पहुंची, तो वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। अध्यक्ष राजबीर सिंह वर्मा स्वयं सेवा में अग्रणी रहे और उन्होंने हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। शिविर में मौजूद बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे सभी ने पार्टी के प्रति आभार प्रकट किया। सेवा शिविर में टीटू वर्मा के साथ पार्टी के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। उनकी संगठित कार्यशैली और सादगीपूर्ण सेवा भाव ने यह सिद्ध कर दिया कि पार्टी केवल राजनीति ही नहीं, समाजसेवा और संस्कृति के संवाहन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। नगरवासियों व शोभा यात्रा समिति ने क्षेत्रीय विकास पार्टी के इस सहयोग की भूरी-भूरी प्रशंसा की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में इसी प्रकार की भागीदारी की अपेक्षा जताई। यह सेवा शिविर न केवल सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बना, बल्कि धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश भी देता रहा।