logo

श्याम जागरण कार्यक्रम में आयोजित, विधायक देवीसिंह शेखावत ने दरबार में लगाई ढोक

बानसूर में आयोजित हुआ बाबा श्याम जी का 36वां विशाल जागरण कार्यक्रम

बानसूर के नारायणपुर रोड़ स्थित जमनानली में श्री श्याम सुमन मंडल के तत्वावधान में बाबा श्याम जी का 36वां विशाल जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन के मुख्य अतिथि बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्याम जी की आरती से की गई, जिसमें श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।

जागरण में प्रसिद्ध भजन सम्राट प्रकाश दास जी महाराज ने अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर सैकड़ों श्रद्धालु झूमते हुए भाव-विभोर हो गए। श्याम सुमन मंडल के अध्यक्ष धारासिंह यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का माला, साफा और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

प्रकाश दास जी महाराज ने गायों की सेवा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और कहा कि गाय की सेवा करने से 33 करोड़ देवी-देवताओं का आशीर्वाद मिलता है। उन्होंने जन चेतना जगाने का आह्वान किया कि गाय को राष्ट्र पशु का दर्जा दिलाने के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाई जाए। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने और गौ माता को राष्ट्र पशु का दर्जा मिलने की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर विधायक देवीसिंह शेखावत ने सभी को हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दी और श्याम सुमन मंडल के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे। विधायक शेखावत ने प्रकाश दास जी महाराज को अपने निवास पर आने का आमंत्रण भी दिया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री श्याम सुमन मंडल के अध्यक्ष धारासिंह यादव, अनूप बोहरा, निरंजन गोयल, दिलीप सिंह चौहान, पूरण सिंह शेखावत, अविनाश गोयल, अनूप अग्रवाल, आशु ऐरन, सतीश ऐरन, अशोक सैनी, विजेन्द्र माहेश्वरी, पंचू गोयल, राजेश सिंघल, राकेश सिंघल, सतीश बुटेरी वाले, जतिन गोयल, मीना राजपूत, संदीप शर्मा, अमित शर्मा, मदनलाल, राजेंद्र अग्रवाल, अनूप शर्मा, मुकेश ढाचोलिया, डॉ. राजेंद्र शर्मा, राकेश सिंघल सहित अन्य कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित थे।

यह आयोजन एक धार्मिक एकता और समाज में सेवा भावना के प्रतीक के रूप में मनाया गया।

15
1654 views