
*__वाराणसी: प्रदीप अग्रहरि होंगे भाजपा के नए महानगर अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष पर सस्पेंस फ़िलहाल बरकरार_*
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में भाजपा जिला अध्यक्ष पद पर सस्पेंस अभी भी बरकरार है। हालांकि इस बीच पार्टी ने महानगर अध्यक्ष के पद पर नाम घोषित कर अटकलों पर विराम लगाया है।
भाजपा के पुराने नेता प्रदीप अग्रहरि को महानगर अध्यक्ष घोषित किया गया है। इस पद के लिए भाजपा में 78 आवेदन आए थे। वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष के पद पर भी 90 आवेदन आए थे। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने फिलहाल जिला अध्यक्ष के पद पर सस्पेंस बरकरार रखा है जिसे लेकर अटकलों का दौर जारी है।
इस बार पार्टी ने नई प्रक्रिया अपनाते हुए लखनऊ से एक साथ सूची जारी करने के बजाय, जिलों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर नामों की घोषणा की। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कुल 98 में से 86 जिलों और महानगरों के अध्यक्षों के नामों का ऐलान किया गया है, जबकि कुछ नामों को विभिन्न कारणों से फिलहाल होल्ड पर रखा गया है। जल्द ही शेष नामों की भी घोषणा की जाएगी।
पहले संभाल चुके हैं प्रमुख जिम्मेदारी
भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष स्वर्गीय राम सुमेर जी के सुपुत्र प्रमुख व्यवसायी व वरिष्ठ नेता प्रदीप अग्रहरि इसके पूर्व काशी क्षेत्र में क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष, 2014 तथा 2016 में भाजपा महानगर अध्यक्ष, 2014 के पूर्व तत्कालीन महानगर अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले के साथ महानगर महामंत्री का भी दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं।