सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर धनबाद को मिला प्रथम पुरस्कार
धनबाद | राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (1 जनवरी 2025 से 31 जनवरी 2025) के तहत धनबाद जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा किए गए सतत प्रयासों का सकारात्मक असर दिखा है। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए गए जागरूकता अभियानों के कारण जिले में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्युदर में उल्लेखनीय कमी आई है।वर्ष 2023 में धनबाद में कुल 435 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें 306 लोगों की मृत्यु हुई थी। वहीं, प्रशासन के प्रयासों से वर्ष 2024 में यह संख्या घटकर 349 दुर्घटनाओं तक पहुंच गई, जिसमें 211 लोगों की जान गई।यातायात नियमों के सख्ती से पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, नशे में वाहन न चलाने के प्रति जागरूकता और यातायात पुलिस की मुस्तैदी के चलते यह बदलाव देखने को मिला। रांची में आयोजित सेमिनार में धनबाद को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।यह पुरस्कार धनबाद जिला परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के अथक प्रयासों का परिणाम है। अधिकारियों ने इस सफलता को आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है, ताकि सड़क हादसों को न्यूनतम किया जा सके और धनबाद को सुरक्षित यातायात वाला जिला बनाया जा सके।