*सांसद पाटील के जन्मदिन एवं विधायक दादू द्वारा समयमान वेतनमान लागू कराने पर वाल्मीकि सकलपंच समाज ने तुलादान कर विभिन्न लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की, सांसद, विधायक ने वाल्मीकि समाजजनों के साथ में एक थाली में भोज भी किया।*
*सांसद पाटील के जन्मदिन एवं विधायक दादू द्वारा समयमान वेतनमान लागू कराने पर वाल्मीकि सकलपंच समाज ने तुलादान कर विभिन्न लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की, सांसद, विधायक ने वाल्मीकि समाजजनों के साथ में एक थाली में भोज भी किया।*
संवाददाता भगवानदास शाह जिला बुरहानपुर मध्यप्रदेश ✍️
बुरहानपुर। खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के जन्मदिन अवसर एवं वाल्मीकि एवं नेपानगर विधायक मंजू दादू द्वारा कर्मचारियों का समयमान वेतनमान लागू कराने सहित 16 में से 2 मांग पूरी कराने पर वाल्मीकि सकलपंच समाज द्वारा शाही किले स्थित लड्डुओं से तुलादान कराया गया। सर्वप्रथम जनप्रतिनिधियों ने गोगा देव मंदिर में मत्था टेक कर पूजा अर्चना की। तत्पश्चात् कार्यक्रम अध्यक्ष सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि कर्मचारियों की 16 मांगों में से 2 मांगे पूरी हो चुकी है और शेष 14 मांगों को भी जल्द ही पूरा कराया जाएगा। किसी भी कर्मचारी को उनके हक, अधिकार से वंचित नहीं रखा जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक मंजू दादू ने भी समाजजनों को संबोधित किया। बता दें कि बुरहानपुर के कर्मचारी वर्षों से अपने अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ रहे थे, जिसके बाद समयमान वेतनमान का लाभ देने के आदेश 193 कर्मचारियों को मंजू दादू द्वारा जारी कराए गए, इसी कार्य में सफलता मिलने पर मंजू दादू का भी तुलादान कराया गया। मंजू दादू ने असंभव कार्य को भी संभव करके समाजजनों के हृदय में बड़ी जगह बनाने का कार्य किया। नेपानगर विधायक मंजू दादू ने मध्यप्रदेश विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया था। भोपाल में चर्चा के बाद नगर निगम ने 193 कर्मचारियों के लिए समयमान वेतनमान के आदेश भी जारी किए। कार्यक्रम के पश्चात मंजू दादू ने वाल्मीकि समाजजनों को संबोधित करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि शेष कर्मचारियों को भी न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम के 250 से अधिक कर्मचारी अब भी इस लाभ से वंचित हैं, जिनमें कई सेवानिवृत्त कर्मचारी भी शामिल हैं। बचे कर्मचारियों को भी लाभ दिलाने हेतु हम प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने समयमान वेतनमान का एरियर देने से इनकार क्यों किया, यह भी प्रश्न का विषय है। वहीं गोपनीय चरित्रावली (सीआर) के मुद्दे पर कहा कि कई कर्मचारियों को सीआर अप्राप्त होने का हवाला देकर लाभ से वंचित रखा गया। हर वर्ष गोपनीय चरित्रावली (सीआर) भरना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सीआर न होने पर वैकल्पिक अवधि के आधार पर समयमान वेतनमान का लाभ दिया जा सकता है। उन्होंने अपने तीखे तेवर में कहा कि जो भी दोषी अधिकारी कर्मचारियों का शोषण करेंगे उन्हें बक्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर समाज के कालू जंगाले ने भी लोगों को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों से मांगों को जल्द पूरा कराने हेतु निवेदन किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज माने, पूर्व निगम महापौर अनिल भोसले, पूर्व निगम अध्यक्ष मनोज तारवाला ने भी लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन वाल्मीकि समाज के मीडिया प्रभारी उमेश जंगाले एवं समाज के नरेंद्र चावरे ने किया। आभार राजेश मेहरौलिया ने माना। इस अवसर पर समाज के राजा जंगाले, राजेश उज्जैनवाल, सुमेर मेहरौलीया एवं पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।