logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

परिवार नियोजन की सफलता के लिए पुरुषों की भागीदारी जरूरी: डॉ. प्रखर - मिश्रिख ब्लाॅ

परिवार नियोजन की सफलता के लिए पुरुषों की भागीदारी जरूरी: डॉ. प्रखर
- मिश्रिख ब्लाॅक कार्यालय में हुई अंतरविभागीय ब्लाॅक समन्वय समिति की बैठक

सीतापुर। मिश्रिख विकास खंड कार्यालय के सभागार में बुधवार को अंतरविभागीय ब्लाॅक समन्वय समिति की बैठक का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस बैठक का आयोजन पापुलेशन फाउण्डेशन आफ इण्डिया एवं मोवियस फाउण्डेशन के सहयोग से संचालित उम्मीद परियोजना के तहत किया गया। बैठक में इस परियोजना के नोडल विभाग के रूप में स्वास्थ्य विभाग के साथ ही पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, आजीविका मिशन, आईसीडीएस सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रखर श्रीवास्तव ने कहा कि परिवार नियोजन को लेकर लोगों को जागरूक करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। परिवार नियोजन जैसा महत्वपूर्ण कार्यक्रम तभी पूरी तरह से सफल हो सकेगा, जब उसमें पुरुषों की समान रूप से भागीदारी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों के साथ ही माता-पिता के साथ विवाह की सही उम्र और उससे होने वाले शारीरिक और सामजिक लाभों को लेकर सामूहिक रूप से चर्चा किए जाने की जरूरत है। इसके लिए हम सभी को एक साझा प्रयास करना होगा।
पीएफआई के राम बरन यादव ने उम्मीद परियोजना के अन्तर्गत अभी तक हुये कार्यों एवं आगामी कार्यो की रूप रेखा के विषय में चर्चा करते हुए कहा कि उम्मीद परियोजना हमारी आकार परियोजना का ही एक महत्वपूर्ण भाग है। यह परियोजना वर्तमान में उत्तर प्रदेश के आठ जिलों, बहराइच, श्रावस्ती, बाराबंकी, उन्नाव, बलरामपुर, सिद्धार्थ नगर, गोंडा और सीतापुर चलायी जा रही हैं। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन की जागरूकता और स्वीकार्यता को समुदाय में बढ़ाना है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतर विभागीय ब्लॉक समन्वय समिति की बैठकों में बाल विवाह, लैंगिक असमानता तथा किशोरियों की स्वास्थ के प्रति स्वच्छता से सबंधित समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मौके पर पीएफआई संस्था की पूर्णिमा चौधरी ने संस्था के द्वारा समूह के कल्याण के लिए किये जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उम्मीद परियोजना के तहत सीएचसी पर उम्मीद परिवार नियोजन परामर्श केंद्रों की स्थापना की जा रही है। इसके बाद पीएचसी स्तर पर भी इन परामर्श केंद्रों की स्थापना की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिले के मिश्रिख, बिसवां, परसेंडी, ऐलिया, महमूदाबाद, खैराबाद, सिधौली, कसमंडा और गाेंदलामऊ विकास खंडों में उम्मीद परियोजना का संचालन किया जा रहा है। यह जिले की छठीं बैठक है। बैठक में एडीओ पंचायत अमित चतुर्वेदी, सीएचसी के बीपीएम शैलेश वैश्य, अर्श काउंसलर लक्ष्मी गुप्ता, फैमली वेलफेयर काउंसलर स्नेहलता, आईसीडीएस विभाग की सुपरवाइजर रागिनी मिश्रा, उर्मिला पाल, बेसिक शिक्षा विभाग से अमिताभ दुबे और एनआरएलएम से वीरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

134
5840 views

Comment