logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

प्रहलाद पटेल के बेटे ने कहा-जानते हो, पापा मंत्री हैं: जबलपुर में पुलिसकर्मी को दी वर्दी उतरवाने की धमकी; गाड़ी टकराने पर विवाद


रिपोर्ट सचिन श्रीवास्तव

मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल पटेल का पुलिस से बदसलूकी करने और वर्दी उतरवाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना 9 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे जबलपुर की है। शनिवार को इसका वीडियो वायरल हुआ है।

पुलिस के अनुसार, मंत्री पटेल का बेटा प्रबल पटेल बिना नंबर की कार चला रहा था। उसकी गाड़ी लेबर चौक पर एक डॉक्टर की गाड़ी से टकरा गई। आरोप है कि प्रबल ने दंपती से बदसलूकी की। हंगामा होता देख स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई।

वीडियो में धक्का-मुक्की करता दिख रहा

वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस अधिकारियों ने जब बीच-बचाव का प्रयास किया तो प्रबल और उसके साथी उनसे भिड़ गए। एक पुलिसकर्मी ने जब रोकने की कोशिश की तो प्रबल ने उससे धक्का-मुक्की कर दी।

इस पूरे मामले में मंत्री और उनके बेटे का कोई बयान अब तक नहीं आया है।
डॉक्टर की बाइक से टकराई थी प्रबल पटेल की कार सूत्रों के मुताबिक, प्रबल पटेल अपने एक दोस्त के साथ कार से जबलपुर के लेबर चौक से गुजर रहा था। वहीं मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एक डॉक्टर बाइक पर अपनी मां के साथ जा रहे थे। प्रबल की कार उनकी बाइक से टकरा गई।

डॉक्टर ने कहा- भीड़भाड़ वाले इलाके में इतनी तेजी से कार क्यों चला रहे हो? इस पर प्रबल गुस्से में कार से उतरा और डॉक्टर से विवाद करने लगा।

हंगामे की जानकारी मिलते ही यादव कॉलोनी चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर सतीश झारिया स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत कराने लगे। प्रबल ने झारिया के साथ अभद्रता करते हुए कहा- जानते हो, मैं कौन हूं? मेरे पापा मंत्री हैं।

डीआईजी बोले- किसी भी तरह की शिकायत नहीं मिली

एसआई सतीश झारिया ने बताया कि प्रबल पटेल की कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी थी। इसमें बुजुर्ग महिला को चोट भी लगी थी। प्रबल को समझाया तो वह अपने पिता के नाम का रसूख दिखाने लगा।

डीआईजी टीके विद्यार्थी का कहना है कि किसी भी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। स्थानीय पुलिस थाने के मुताबिक, बुजुर्ग डॉक्टर दंपती ने भी कोई शिकायत नहीं की है।

184
8603 views

Comment