logo

*भिवाड़ी शहर के ज्वैलरी शोरूम में डकैतों का तांडव, मालिक को गोली मारी, मौत... बेटे समेत चार गंभीर**

नूंह/ नितिन वर्मा
हरियाणा के नूंह से लगे राजस्थान बॉर्डर पर भिवाड़ी शहर के हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1 में शुक्रवार शाम 7:15 बजे हथियारों से लैस 5 बदमाशों ने कमलेश ज्वैलर्स नाम के एक शोरूम पर धावा बोल दिया। गन पॉइंट पर शोरूम मालिक जयसिंह सोनी (48) और स्टाफ को लेकर मृतक जयसिंह मारपीट की और बंधक बना लिया। बदमाश थैले में जेवरात भरने लगे। इसी बीच ज्वैलर का एक परिजन शोरूम पहुंच गया और लूट होती देख हथियार बंद बदमाशों से भिड़ गया। शोरूम मालिक और कर्मचारियों ने भी संघर्ष किया।
अचानक हुए जवाबी हमले से घबराए बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। घबराकर बदमाशों के हाथ से जेवरात से भरा एक थैला मौके पर ही छूट गया। शोरूम मालिक, उनके परिजन और कर्मचारी बदमाशों से भिड़ते हुरे शोरूम के बाहर तक आ गए। बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। बदमाश शोरूम के बाहर खड़ी कार से फरार हो गए। गोली से 3, पिस्टल का बट लगने से 2 लोग घायल हुए। जयसिंह सोनी (48) की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी ने बताया कि 5 लोग घायल हुए, इनमें से एक की मौत हुई है। आईजी अनिल टांक का कहना है कि बॉर्डर सहित आसपास के जिलों में ए-श्रेणी की नाकाबंदी करवाकर छापेमारी की जा रही है।
*घायल होकर भी बदमाशों पर टूट पड़े*
शोरूम में लूट के दौरान 3 मिनट बाद ही दुकान मालिक के परिवार का एक सदस्य आ पहुंचा। उसने बदमाशों पर हमला किया तो घायल ज्वैलर और स्टाफ भी बदमाशों पर टूट पड़े। उन्होंने बदमाशों से बाहर तक संघर्ष किया। बदमाश फायरिंग करते हुए कार से फरार हो गए।

*बेटे को भी गोली लगी* जयसिंह सोनी (48), बेटा वैभव सोनी, मधुसूदन सोनी, गार्ड सुजान सिंह और सेल्समैन राम नरेश घायल हुए। जयसिंह के सीने में गोली लगने से मौत हो गई। गोली से घायल गार्ड सुजान सिंह और मधुसूदन सोनी का भिवाड़ी में इलाज चल है। वैभव और रामनरेश को उपचार के बाद छुट्टी दे दी।
*वारदात सीसीटीवी में कैद; दुकानदारने दिलेरी दिखाई, पब्लिक देखती रही*
शोरूम के सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद हुई है। दुकान में 7:15 बजे 4 जने थे। उसी समय 4 बदमाश दुकान में घुसते हैं। कर्मचारियों के साथ पहले मारपीट की और सिर पर बंदूक लगाकर बंधक बना लिया। 5वां बदमाश एक प्लास्टिक का कट्टा लेकर आंता है और आभूषण को भरने लगता है। शाम 7:19 बजे स्टाफ और शोरूम मालिक बदमाशों से भिड़ते हुए दिख रहे हैं। वहीं, एक वीडियो वायरल हो रहा, जिसमें वीडियो बनाने वाला बोल रहा की दुकान में चोरी हो रहा है। कोई पुलिस को फोन करों, लेकिन कोई भी हिम्मत जुटा कर दुकान के पास नहीं जाता है।

3
779 views