logo

नागौर में 2100 श्रद्धालुओं ने थामी कावड़ः शानेश्वर महादेव को अर्पित किया जल, शिव परिवार और राम दरबार की सजाई सजीव झांकी।

रिपोर्ट: शलारूख जोया

नागौर में सावन महीने के संपन्न होने पर विशाल कावड़ यात्रा निकाली गई। धार्मिक उत्सव आयोजन समिति के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागौर वासियों ने हिस्सा लिया। सावन पूर्णिमा से एक दिन पहले निकली कावड़ यात्रा शक्कर तालाब चेनार से शुरू होकर वल्लभ चौक, दिल्ली दरवाजा और बी रोड होते हुए शिव बाड़ी स्थित शानेश्वर महादेव मंदिर पहुंची।

जेसीबी और क्रेन से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। आयोजन समिति की ओर से आतिशबाजी की गई। यहां कावड़ियों ने भोलेनाथ को जल चढ़ाया।

कावड़ यात्रा के संपन्न होने के बाद भस्म आरती हुई। यात्रा के दौरान भगवान शिव परिवार और राम दरबार की सजीव झांकी सजाई गई। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यात्रा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। पुलिस के अधिकारी और जवान पूरे यात्रा मार्ग में मौजूद रहे।

आयोजन समिति के दिलीप पित्ती और मनीष शर्मा ने बताया कि यात्रा के समापन पर संत प्रवचन कार्यक्रम हुए, जिसमें जानकीदास महाराज, भागीरथ राम शास्त्री, मुरलीराम महाराज, सर्वेश्वरराम महाराज व साध्वी सुखी बाई ने संबोधित किया। महाबली हनुमान की झांकी सजाई गई। कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा और भाजपा नेता रेवंतराम डांगा ने भी श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की। आयोजन में शहर के सभी सामाजिक व धार्मिक संगठन शामिल हुए।

33
2351 views