logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

वज्रपात की घटना में एक महिला की मौत, सात जख्मी महिलाओं का सीएचसी में चल रहा इलाज

नरीपा बहियार में धान की रोपनी कर रही थी महिलाएं, वज्रपात की घटना के बाद गांव में पसरा मातमी सन्नाटा

रजौन, बांका : रजौन थाना क्षेत्र के नरीपा गांव में रविवार को दोपहर बाद करीब 3 बजे के आसपास वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की घटनास्थल पर मौत तथा सात महिला के गंभीर रूप से जख्मी होने की खबर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रजौन पंचायत के नरीपा गांव से उत्तर शिवबा बांध के समीप नरीपा ग्राम निवासी एक किसान के खेत में धान रोपाई का कार्य चल रहा था, जिसमें गांव की ही कई महिलाएं धान की रोपनी में मशगूल थी, इसी क्रम में दोपहर करीब 3 बजे के आसपास हुई बारिश के दौरान वज्रपात की घटना में नरीपा गांव के ही श्रीधर उर्फ सिंधु शर्मा की पत्नी पातो देवी (45 वर्ष) की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि धान की रोपनी कर रही अजय यादव की पत्नी राजो देवी (40 वर्ष), शिवपूजन पासवान की पत्नी प्रेमा देवी (28 वर्ष), कमलेश्वरी शर्मा की पत्नी पारो देवी (55 वर्ष), मनोज शर्मा की पत्नी प्रेमा देवी (35 वर्ष), फुलेश्वर शर्मा की पत्नी प्रमिला देवी (40 वर्ष), सोनू शर्मा की पत्नी बेवी देवी (35 वर्ष) एवं स्वर्गीय रंजीत शर्मा की पत्नी मनोरमा देवी (50 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया, आनन-फानन में ग्रामीणों ने सभी को रजौन सीएचसी लाया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार ने प्राथमिक उपचार के क्रम में पातो देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य सभी सात जख्मी महिला का उपचार रजौन सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ब्रजेश कुमार की देखरेख में चल रहा है। सातों जख्मी महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस घटना के बाद नरीपा बहियार से लेकर रजौन सीएचसी परिसर तक मृतका एवं सभी जख्मी महिलाओं के स्वजनों आदि के चीख-पुकार व करुण रुदन से वातावरण काफी गमगीन हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद रजौन थाना से अवर निरीक्षक रवि कुमार पुलिस बलों के साथ सीएचसी पहुंचे और मृतका पातो देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया है।

161
16391 views

Comment