कोलकाता(पश्चिम बंगाल)। कोलकाता से सटे साल्ट लेक में एक महिला द्वारा 25 वर्षीय युवा पुत्र का कत्ल किये जाने के मामले में सनसनीखेज पर्दाफाश हुआ है। पता चला है कि आरोपी महिला ने बेटे का कत्ल कर शव को घी, कपूर और मसालों के साथ आग में भून दिया। 11 दिसंबर को हुई इस कत्ल के केस में बुधवार को फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने अपनी राय जाहिर की है। इसमें बताया गया है कि मां ने पुत्र का कत्ल करने के बाद उसे आग में भूना और हड्डियों को घर की छत पर फेंक दिया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार महिला ने तंत्र विद्या के चक्कर में इस वारदात को अंजाम दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी महिला का नाम गीता माहेनसरिया है। उसका अपने पति अनिल के साथ विवाद चल रहा है। कई वर्षों से दोनों एक दूसरे से अलग रहते हैं। यह घटना उस वक्त प्रकाश में आई, जब कई दिनों तक बड़े बेटे अर्जुन (25) से संपर्क नहीं होने पर उसके पिता अनिल ने पुत्र क गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बिधाननगर ईस्ट थाने के पुलिस ने जांच शुरू की तो एजे ब्लॉक स्थित दो मंजिला मकान में एक पुरुष की आधी जली हड्डियों के अवशेष बरामद हुए।
वारदात की आरोपी महिला गीता और उसके छोटे पुत्र विदुर (22) को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया जा चुका है। दोनों पुलिस की हिरासत में हैं। फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था जो बुधवार को आ गई है। इसमें स्पष्ट कर दिया गया है कि उस घर में नियमित रूप से तंत्र विद्या का अभ्यास किया जाता था। मौके से से एक बड़ी कड़ाही, जले मास्क बरामद हुए। खून से सना एक पत्थर भी मिला, जिससे हत्या को अंजाम दिया गया। जलाने के बाद बची हड्डी को तौलिये में लपेट कर छत तक लाया गया।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी गीता ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है । उसने बताया कि जलने की दुर्गंध को कम करने के लिए कपूर, घी, मसालों का उपयोग किया गया। हत्या, षड्यंत्र, आपराधिक साजिश सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। कोर्ट ने आरोपियों के मानसिक स्वास्थ्य के चेकअप करने का आदेश दिया है। पुलिस ने हड्डियों के सैंपल को डीएनए टेस्ट के लिए भेजा है। पिता अनिल ने बताया, 'मेरे बेटे अर्जुन को हार्ट और न्यूरो से संबंधित कुछ दिक्कतें थीं। घर में किसी तरह की आर्थिक तंगी नहीं है। बड़ा घर, दो कार, ज्वेलरी आदि हैं। मेरा छोटा पुत्र ऊटी में पढ़ता है। बेटी को भी बेहतर शिक्षा मिल रही है। बिजनेस भी बढ़िया चल रहा है। पूरे परिवार को किसी तरह की आर्थिक समस्या नहीं है।'
उन्होंने अपनी पत्नी को इसके लिए दोषी ठहराते हुए कहा कि वह शुरुआत से ही तंत्र-मंत्र के चक्कर में रहती थी और इसीलिए बेटे को बलि चढ़ा दी है। उन्होंने बताया कि पत्नी की इस तरह की हरकतों की वजह से ही उससे दूर रहते हैं।