logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

अमरनाथ यात्रा: शिवभक्तों में भारी उत्साह, तीन दिन में 51 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

अमरनाथ यात्रा के लिए देशभर से पहुंच रहे शिवभक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। रोजाना हजारों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। जम्मू कश्मीर के अमरनाथ में सोमवार को 23 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हिम शिवलिंग के दर्शन किए, जिससे पिछले तीन दिनों में दर्शन करने वालों की कुल संख्या 51 हजार के आंकड़े को पार कर गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पारंपरिक पहलगाम और बालटाल रूट से यात्रा जारी है। इस बीच आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से 6461 भक्तों का जत्था कश्मीर के लिए रवाना हुआ। जम्मू से गए जत्थे में बालटाल के लिए 1628 पुरुष, 525 महिलाएं, 7 बच्चे, 145 साधु और 16 साधवी हैं। इसी तरह पहलगाम के लिए 3203 पुरुष, 698 महिलाएं, 7 बच्चे, 187 साधु और 45 साधवी हैं। ये यात्री 265 छोटे बड़े वाहनों में जत्थे के साथ गए हैं। पिछले तीन दिन से आधार शिविर जम्मू से लगातार 6 हजार से अधिक यात्रियों का जत्था जा रहा है।

इस समय मौसम भी यात्रियों का साथ दे रहा है। हालांकि जम्मू में पिछले दो दिन से तड़के बारिश के बाद दिन में मौसम खुलने से गर्मी के साथ उमस परेशान कर रही है। लेकिन यात्रियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है। जम्मू में तत्काल पंजीकरण के लिए रेलवे स्टेशन के पास सरस्वती धाम पर टोकन पाने को देर रात से ही श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

बता दें कि जम्‍मू-कश्‍मीर में श्री अमरनाथ जी की वार्षिक तीर्थयात्रा हर गुजरते दिन के साथ धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ सुचारू रूप से चल रही है। 52 दिवसीय अमरनाथ जी यात्रा इस वर्ष 19 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के शुभ अवसर पर समाप्त होगी, जिस दिन रक्षा बंधन का त्योहार भी पड़ता है।

275
10218 views

Comment