logo

काशीपुर :- जो रोज दिखाता था लाड़-प्यार...उसी ने गला रेतकर झाड़ियों में फेंका #upendrasingh

अहद को आशू रोजाना ही घुमाता था। यही वजह थी कि नदीम और जीनत ने कभी भी नहीं सोचा कि आशू उनके जिगर के टुकड़े के साथ ऐसा करेगा। 13 माह के मासूम को गला रेतकर मारने के प्रयास की घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। हर कोई वारदात के पीछे का कारण जानना चाह रहा है। सभी अपने-अपने कयास लगा रहे हैं। इधर दिनभर पुलिस आरोपी से पूछताछ करती रही लेकिन उसने वारदात के पीछे की वजह से पर्दा नहीं उठाया।



मासूम अहद अस्पताल में जिंदगी के लिए जूझ रहा है। अपने कलेजे के टुकड़े की हालत देख जीनत के आंसू थम नहीं रहे हैं। वह उस क्षण को कोस रही है, जब उसने आशू को अहद को ले जाने दिया। पिता नदीम भी अपने बेटे के लिए परेशान है। उसे समझ नहीं आ रहा कि क्या करें। दोनों ऊपर वाले से बेटे की सलामती के लिए दुआएं मांग रहे हैं।

नदीम ने बताया कि आशू उसके पास नौकरी करता है। वह उनके बेटे से खूब घुला-मिला रहता था और उसको आए दिन मेले में घुमाने भी ले जाता था। रविवार को भी जब वह अहद को घुमाने की बात कहने लगा तब नदीम और जीनत ने बिना कुछ सोचे उसे जाने दिया। उन्हें क्या पता था कि वह उनके इकलौते बेटे के साथ ऐसी हैवानियत करेगा।

इन सवालों के नहीं मिल रहे जवाब
ऐसी कौन सी परिस्थितियां रहीं कि आशू मासूम की जान का दुश्मन बन बैठा। कोई न कोई तो ऐसी गंभीर बात रही होगी। चाहे फिर वह मेहनताना की हो या फिर कोई पारिवारिक वजह या फिर कामकाज के दौरान कोई ऐसी बात बोलना, जो आशू के दिल को लग गई हो।

फोन पर सुनाई दी थी अहद की आवाज
काशीपुर। अहद के मामा सोहेल ने बताया कि बहन जीनत ने रात लगभग 11 बजे आशू को फोन किया था। तब आशू ने फोन पर बेटे की आवाज सुनाई थी। इस पर जीनत ने बेटे को जल्दी घर लाने के लिए कहा था।

कुछ साल पहले भी एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर चुका है आशू
काशीपुर। नदीम ने बताया कि लगभग 8-10 साल पहले आशू का सहारनपुर के बासठकुटा रोड निवासी सलमान से किसी बात पर विवाद हो गया था। तब आशू ने धारदार हथियार से उसके गले पर गहरा घाव किया था। उसका लंबे समय तक इलाज चला। मामले में आशू गिरफ्तार भी हुआ था।
कुछ दिन पहले सौतेली मां कर चुकी है बच्ची की हत्या
बीती 17 अप्रैल की दोपहर में खड़कपुर देवीपुर में सौतेली मां लक्ष्मी देवी ने आठ वर्षीय सोनी पुत्री मोनू कुमार की बर्बरतापूर्वक पिटाई की और हत्या कर शव को एक निर्माणाधीन मकान में दबा दिया था। सोनी की मां की बीमारी से मौत हो गई थी। उसका पिता और दादी से अधिक लगाव था। यही कारण था कि सौतेली मां उससे द्वेष रखती थी।

4
997 views