logo

बदायूँ के बीएल वर्मा होंगे राज्यसभा उम्मीदवार

- आज दाखिल करेंगे नामांकन
बदायूँ।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के क़रीबी व लोधी समाज के कद्दावर नेता बनवारी लाल वर्मा राजनीति के क्षेत्र में वीएल वर्मा के नाम से जाने जाते हैं। भाजपा ने बीएल वर्मा को राज्यसभा का टिकट देकर रूहेलखंड के साथ-साथ यूपी की राजनीति साधने की कोशिश की। कल्याण सिंह के बाद लोधी समाज के बड़े नेताओं में सुमार बीएल वर्मा के जरिये पार्टी ने भविष्य के चुनाव में लोधी समाज का बड़े वोट बैंक को साधने की कोशिश की है। उनके राज्यसभा के उम्मीदवार घोषित होने से जिले के भाजपाइयों में खुशी की लहर है कि जिले में राज्यसभा के लिए पहली बार कोई उम्मीदवार घोषित किया है।

सोमवार देर रात भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व ने राज्यसभा उम्मीदवार के लिए सूची जारी कर दी। सूची में आठ उम्मीदवारों में से सात उम्मीदवार के नाम यूपी के हैं, जिसमें बदायूं निवासी सिड़को चेयरमैन (दर्जा राज्यमंत्री) बीएल वर्मा का नाम शामिल किया है। देर रात जब कार्यकर्ताओं को जानकारी हुई तो सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं देकर कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने उनके उझानी स्थित आवास पर पहुंचकर परिवार को बधाइयां दी।

बदायूं के उझानी ब्लाक के ज्योरा पारवाला गांव में जन्मे एवं वर्तमान में कस्बा उझानी निवासी बनवारी लाल वर्मा राजनीति में बीएल वर्मा के नाम से प्रसिद्ध हैं। अस्सी के दशक में उनका राजनीतिक सफर संघ के खण्ड कार्यवाहक के तौर पर शुरू हुआ। वर्ष 1984 में भाजयुमो के जिला महामंत्री बने। इसी बीच यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मुलाकात हुई और भाजयुमो के प्रदेश मंत्री बने। दो बार भाजपा के प्रदेश मंत्री भी रहे। 2011 में कल्याण सिंह के साथ भाजपा छोड़ी औऱ जनक्रांति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बन गये। कल्याण सिंह के साथ ही 2012 में फिर भाजपा में शामिल हुये। इसके बाद वह भाजपा रूहेलखंड के अध्यक्ष रहे और वर्ष 2016 में भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष बने और फिर उनके कद को बढ़ाते हुए पार्टी ने भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया। वर्ष 2018 से अब वर्तमान में वह राज्यमंत्री स्तर के सिडको चेयरमैन पद पर आसीन हैं।

राज्यसभा उम्मीदवार घोषित होते ही उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र के लिए आवश्यक दस्तावेजों सहित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वे 27 अक्टूबर को लखनऊ में पार्टी पदाधिकारियों के साथ अपना नामाकंन पत्र दाखिल करेंगे।






144
14735 views