logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

*चूरू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के लिए 13 अभ्यर्थी मैदान में* *नाम निर्देशन पत्रों की नाम वापसी की समय सीमा समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों को हुए चुनाव चिन्ह आवंटित, चुनाव प्रसार के लिए स्थानों का हुआ आवंटन, रिटर्निंग अधिकारी पुष्पा सत्यानी ने अभ्यर्थियों व राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा -निर्देशों की जानकारी, कहा- शांतिपूर्ण, स्वतंत्र व निष्पक्ष निर्वाचन हमारी प्राथमिकता*

*चूरू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के लिए 13 अभ्यर्थी मैदान में*

*नाम निर्देशन पत्रों की नाम वापसी की समय सीमा समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों को हुए चुनाव चिन्ह आवंटित, चुनाव प्रसार के लिए स्थानों का हुआ आवंटन, रिटर्निंग अधिकारी पुष्पा सत्यानी ने अभ्यर्थियों व राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा -निर्देशों की जानकारी, कहा- शांतिपूर्ण, स्वतंत्र व निष्पक्ष निर्वाचन हमारी प्राथमिकता*

चूरू, 30 मार्च। लोकसभा आम चुनाव-2024 के दौरान चूरू लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए 13 अभ्यर्थी मैदान में है। शनिवार को अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन-पत्र वापसी की समय सीमा समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों को चुनाव-चिन्हों का आवंटन किया गया तथा रिटर्निंग अधिकारी पुष्पा सत्यानी ने बैठक आयोजित कर निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों व राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण, स्वतंत्र व निष्पक्ष निर्वाचन हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की की शत-प्रतिशत पालना की जाए।
उन्होंने कहा कि आपराधिक पूर्ववृत्त वाले अभ्यर्थियों को उनके अपराध की जानकारी सार्वजनिक करनी होगी। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में 31 मार्च से 17 अप्रैल, 2024 की अवधि में तीन बार उनको आपराधिक पूर्ववृत्त समाचार पत्रों में प्रकाशित व समाचार चैनलों में प्रसारित करवाना होगा। इसी के साथ अभ्यर्थी अपने व्यय लेखों को संधारित करें तथा सभा, प्रचार-प्रसार आदि के लिए आवश्यक अनुमति लें। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान इलेक्ट्रॉनिक, सोशल एवं डिजिटल मीडिया के समस्त विज्ञापन, बल्क एसएमएस, मोबाइल वैन तथा ई-पेपर के समस्त विज्ञापन अधिप्रमाणित होने आवश्यक हैं। मतदान दिवस एवं उससे एक दिन पहले छपने वाले प्रिंट मीडिया विज्ञापनों का भी प्री-सर्टिफिकेशन करवाना होगा। 19 अप्रैल को सवेरे 7 बजे शाम 6 बजे तक मतदान होगा तथा 4 जून को सवेरे 8 बजे से मतगणना होगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तमसिंह शेखावत ने आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों, होम वोटिंग, सुविधा पोर्टल व एकल खिड़की व्यवस्था, आपराधिक पूर्ववृत्त के प्रकाशन व प्रसारण, पोस्टल बैलेट से मतदान, स्ट्रॉन्ग रूम पर सुरक्षा व्यवस्था, ईवीएम मशीनों के परिवहन, संग्रहण व वितरण, विज्ञापन स्थानों, मतदान केन्द्रों व मतगणना के बारे में जानकारी दी। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों व अभ्यर्थियों की सहमति के बाद उन्हें चुनाव प्रचार हेतु स्थान आवंटित किए गए।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के नारायण बेनीवाल, भारत रक्षक पार्टी के धर्मपाल कटारिया, रमेश कुमार, युसुफ अली खां, बीसपी से नरेन्द्र सिंह, नेशनल जनमंडल पार्टी से उमाशंकर, डॉ प्रशान्त शर्मा, डॉ रविन्द्र बुडानिया, एपीआरओ मनीष कुमार, भू-अभिलेख निरीक्षक शिवप्रकाश शर्मा, सांवरमल गुर्जर, गोविंद राहड़, अजय, संदीप सहित अन्य उपस्थित रहे।
*निर्वाचन लड़ने के लिए 13 अभ्यर्थी मैदान में, यह रहेंगे चुनाव चिन्ह*
लोकसभा आम चुनाव-2024 के दौरान चूरू लोकसभा क्षेत्र के लिए 13 अभ्यर्थी निर्वाचन लड़ने के लिए मैदान में हैं। रिटर्निंग अधिकारी पुष्पा सत्यानी ने बताया कि चूरू लोकसभा क्षेत्र के लिए बहुजन समाज पार्टी के देईराम मेघवाल को हाथी, भारतीय जनता पार्टी के देवेन्द्र झाझड़िया को कमल, इंडियन नेशनल कांग्रेस के राहुल कस्वां को हाथ, भारत रक्षक पार्टी डेमोक्रेटिक के गोमती धर्मपाल कटारिया को बल्ला, नेशनल जनमंडल पार्टी के दौलतराम पेंसिया को सीटी, भीम ट्राइबल कांग्रेस के शिशपाल सिंह राणा को ड्रिल मशीन, निर्दलीय उम्मीदवार असलम लिलगर को एयर कंडीशनर, निर्दलीय उम्मीदवार निरंजन सिंह राठौड़ के बेल्ट, निर्दलीय उम्मीदवार बिसन िंसंह को ऑटो- रिक्शा, निर्दलीय उम्मीदवार युसुफ अली खां को बेबी वॉकर, निर्दलीय उम्मीदवार रणवीर सिंह को अलमारी, निर्दलीय उम्मीदवार रमेश कुमार को सेब, निर्दलीय उम्मीदवार सुखदेव को चूड़ियां चुनाव-चिन्ह आवंटित किए गए हैं।
---

133
34467 views

Comment