logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को मिला ए प्लस ग्रेड

प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) द्वारा किए गए निरीक्षण एवं मूल्यांकन में *‘ए प्लस‘ (3.46)* ग्रेड प्राप्त होने पर विश्वविद्यालय के कुलपति ,समस्त शिक्षकों, अधिकारियों -कर्मचारियों और विद्यार्थियों को हृदय पूर्वक बधाई दी है । उन्होंने इसे विश्वविद्यालय की कड़ी मेहनत और टीम भावना से किये गए प्रयासों का परिणाम बताया और निरंतर उन्नयन के लिए अग्रसर होने के लिए शुभकामनाएं दीं।
ये भी गौरतलब है कि प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों ने इधर विविध राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मूल्यांकनों में उपलब्धिपरक रैंक हासिल करते हुए उच्च शिक्षा में प्रदेश की गुणवत्ता को प्रदर्शित किया है। इस समय प्रदेश के 05 राज्य विश्वविद्यालयों द्वारा नैक का सर्वोच्च ग्रेड 'ए प्लस प्लस' 04 विश्वविद्यालय द्वारा 'ए प्लस' सहित कुल 10 राज्य विश्वविद्यालओं द्वारा उच्चतम ग्रेड हासिल किया जा चूका है। सुविधाओं की दृष्टि से पिछड़े क्षेत्र बुन्देलखण्ड में भीआज विश्वविद्यालय को उच्च शिक्षा की उत्कृष्टता का गौरव हासिल हो गया है, राज्य विश्वविद्यालयों की निरंतर उपलब्धियों ने प्रदेश को निश्चित रूप से उत्तम शिक्षा का प्रदेश बना दिया है। नैक के उच्चतम ग्रेड प्राप्त विश्वविद्यालयों में शुमार होने के साथ ही बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी देश के प्रमुख शीर्ष संस्थानों में भी शामिल हो गया है।
यहां बताते चलें कि इस ग्रेड को प्राप्त करने में बेस्ट प्रैक्टिसेज, सामाजिक दायित्व, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, रिसर्च और इंफ्रास्ट्रक्चर को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए समस्त विश्विद्यालय ने युद्धस्तर पर कार्य किए, कड़ी मेहनत की। प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा निरंतर मार्गदर्शन, अनवरत समीक्षा बैठकों के माध्यम से विश्वविद्यालय में अकादमिक एवं व्यवस्थागत सुधार कराये गए। उन्होने नैक हेतु प्रस्तुत की जाने वाली सेल्फ स्टडी रिपोर्ट को बेहतर कराने के साथ-साथ इस कार्य में लगे प्राध्यापकों तथा अन्य सदस्यों को भी बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया ।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने नैक के हर मानक पर शत्-प्रतिशत् तैयारी की, कड़ी मेहनत के साथ सुधार करते हुए प्रत्येक मानक को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता पर ले जाने के लिए कार्य भी किया। राज्यपाल जी ने विश्वविद्यालय को नैक के विविध मानकों पर सुधारों के निर्देश के साथ विश्वविद्यालय में गुणवत्ता सुधार और रैंकिंग उन्नयन के लिए विविध कार्यशालाओं में प्रतिभाग, अन्य राज्यों के विश्वविद्यालयों में भ्रमण और वहाँ के अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सुधारों को बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय में लागू कराना, अन्य विश्वविद्यालयों की तुलना में इस विश्वविद्यालय की अद्वितीय विशेषताओं को बढ़ाने केलिए व्यापक दिशा निर्देश दिए, जिसे विश्वविद्यालय की समर्पित टीम ने प्रतिबद्धता से सुनिश्चित किया।
यह उल्लेखनीय है कि झांसी में उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की राज्यपाल जी की ये पहल वहां और बुन्देलखण्ड परिक्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।
इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए राज्यपाल ने प्रदेश के उच्च शिक्षा संस्थानों द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकनों में प्राप्त हो रही उल्लेखनीय सफलताओं पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है बुंदेलखंड की यह उपलब्धि निश्चित रूप से यहां के विद्यार्थियों के लिए हितकारी सिद्ध होगी।

152
2877 views

Comment