logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जालौन। राम जन्मभूमि न्यास ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी युगपुरुष महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद जी गिरी महाराज ने संपूर्ण देशवासियों

जालौन। राम जन्मभूमि न्यास ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी युगपुरुष महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद जी गिरी महाराज ने संपूर्ण देशवासियों से आगामी 22 जनवरी को प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को दीपावली की तरह मनाने का संदेश दिया है। स्थानीय स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज प्रांगण में श्रीमद् भागवत कथा आयोजन हेतु नगर प्रवास पर आए स्वामी जी स्थानीय अखंड परमधाम आश्रम में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
स्वामी परमानंद जी महाराज ने कहा कि जनमानस की जागरूकता से आज यह समय आया है। पूर्व में तुष्टीकरण में लगी सरकारें कारसेवकों पर गोली चलाती थीं। आज हिंदू जागरुक हुआ है उसी जागरूकता के परिणाम स्वरुप हिन्दू समाज के अनुकूल सरकारें आयी हैं। और सभी बाधायें दूर हुयी, भव्य राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग रामराज्य का ही है। राम का इतिहास जन कल्याण का है। भगवान परशुराम ने भी प्रभु श्रीराम की वंदना की है। स्वामी परमानंद जी ने आगामी लोकसभा चुनाव के संदर्भ में प्रश्न के जवाब में कहा कि अब हिंदू समाज बरगलाने में नहीं आएगा। विपक्ष कितने भी गठबंधन कर ले उसे सफलता नहीं मिलेगी। सनातन धर्म के प्रश्न पर स्वामी परमानंद जी ने कहा कि सनातन धर्म विश्व कल्याण के लिए है, सनातन कभी भी दूसरों का बुरा नहीं सोचता है।श्री मद्भागवत की महिमा का भी उन्होंने वर्णन किया है।आध्यात्मिकता की ओर जाते हुए स्वामी परमानंद जी ने कहा कि मनुष्य का जन्म दो प्रकार से होता है, एक मां के गर्भ से, दूसरा शास्त्रों द्वारा प्रदत्त संस्कारों से।
इस अवसर पर उपस्थित गुरु महाराज के उत्तराधिकारी एवं कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद जी ने कहा कि राम के बिना हमारा जीवन अस्तित्वहीन है। उन्होंने देश के युवाओं से आगे बढ़कर हिंदू समाज को संगठित करने हेतु समर्पण की अपील की। उन्होंने सम्पूर्ण हिन्दू समाज से कहा कि आपके वोट की ताकत से ही आज भव्य राम मंदिर निर्माण हो रहा है। आगे मथुरा और फिर काशी विश्वनाथ भी विवाद रहित होगा। उन्होंने कहा कि हिंदू जागरूक रहा तो भविष्य में आगरा का ताजमहल भी तेजोमहालय के रूप में हिंदू समाज को प्राप्त होगा। उन्होंने संपूर्ण हिंदू समाज से 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के दिनअपने घरों के पास स्थित मंदिरों में पूजा अर्चना करने व घरों में दीपावली की तरह दीप प्रज्वलन कर भगवान की स्तुति करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि भगवान राम के मंदिर निर्माण के साक्षी बन पा रहे हैं। इस अवसर पर आश्रम संचालक स्वामी दयानंद जी, महामंडलेश्वर साध्वी दिव्य चेतना, डॉ धर्मेन्द्र मिश्रा, शिवराज निरंजन (लेखपाल), प्रधानाचार्य देवेंद्र तिवारी, पवन अग्रवाल एडवोकेट, मोहन निरंजन आदि साधक उपस्थित थे।

155
3067 views

Comment