logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

धोनी का साथ निभाया सुरेश रैना ने, इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा

नई दिल्ली। ​भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास लेने की खबर अभी पूरी तरह से क्रिकेट प्रेमियों के पास पहुंची भी नहीं थी कि एक और बड़ी खबर आ गई है। धोनी के करीबी दोस्त और भारतीय टीम में उनके साथी खिलाड़ी सुरेश रैना ने भी  अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। सुरेश रैना ने इंस्टाग्राम पर धोनी को बधाई देते हुए इस सफर में उनके साथ चलने की बात कही और भारतीय टीम को बाय—बाय बोल दिया।

 सुरेश रैना बीते कुछ दिनों से क्रिकेट नहीं खेल रहे थे। रैना को बाएं पैर के घुटने मेें चोट लगी थी, जिसके कारण वह आईपीएल 2019 की समाप्ति के बाद से प्रतियोगी क्रिकेट नहीं खेल सके हैं। यद्यपि, रैना ने इस साल की शुरुआत में ही क्रिकेट की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी और लॉकडाउन लगने के पहले तक चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ अभ्यास कर रहे थे।

 सीएसके के साथ चेपक स्टेडियम में रैना भारतीय टीम के पूर्व और सीएसके के वर्तमान ट्रेनर जॉर्ज किंग के अंडर ट्रेनिंग ले रहे थे। सुरेश रैना क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बैट्समैन हैं। रैना ने वनडे में 55 बार चेस करते हुए भारतीय टीम को जीत दिलाई है। वनडे क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए रैना के नाम 2 शतक और 13 अर्धशतक हैं। 

रैना टी-20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले भारत के पहले और दुनिया के तीसरे बैट्समैन हैं। टी-20 विश्व कप में शतक लगाने वाले रैना इकलौते भारतीय सुरेश रैना ने जुलाई 2018 में भारत के लिए आखिरी बार खेला था, लेकिन लगभग एक वर्ष तो वह चोट के कारण बाहर रहे। इस वर्ष होने वाले आईपीएल में अच्छा परफॉर्म करके रैना एक बार फिर से नेशनल टीम का दरवाजा खटखटा सकते थे। अगर ज़्यादा नहीं तो अगले वर्ष भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप को देखते हुए उन्हें टी-20 टीम में मौका मिल भी सकता था। 

सुरेश रैना ने भारत के लिए 226 वनडे, 78 टी-20 और 18 टेस्ट मैच खेले हैं। रैना ने वनडे क्रिकेट में पांच शतक और 36 अर्धशतकों की बदौलत 5,615 रन बनाए हैं। रैना ने भारत के लिए आखिरी मैच जुलाई 2018 में खेला था। रैना ने टेस्ट मैच में एक शतक और सात अर्धशतकों की बदौलत 768 रन बनाए हैं। वहीं, टी-20 में एक शतक और पांच अर्धशतकों की बदौलत 1,604 रन बनाए हैं। 

288
15138 views

Comment