पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रेलवे अलर्ट, DRM ने झांसी स्टेशन पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
झांसी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। लगभग 47 हजार अभ्यर्थियों के झांसी आने की संभावना के मद्देनज़र मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री अनिरुद्ध कुमार ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर विशेष व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्पेशल ट्रेनों के संचालन, यात्री सुरक्षा, संरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रहे तथा किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, हेल्प डेस्क की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम तथा ट्रेनों के समयबद्ध संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा अवधि के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए। रेलवे प्रशासन का कहना है कि अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।