इटारसी में दूषित पेयजल समस्या को लेकर शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन
इटारसी : इटारसी नगर में लंबे समय से जारी दूषित एवं गंदे पेयजल की समस्या को लेकर समाजसेवी सिद्धार्थ आर्य ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर के विभिन्न क्षेत्रों में गंदे पानी की आपूर्ति, नागरिकों को हो रही परेशानियों तथा स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभावों की जानकारी दी गई।
सिद्धार्थ आर्य ने बताया कि इटारसी के अनेक क्षेत्रों से लगातार गंदा पानी आने की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे नागरिकों को पीने योग्य पानी की कमी और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने स्वच्छ पेयजल को प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार बताया और कहा कि इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को निर्देश देकर शीघ्र एवं स्थायी समाधान कराने का आश्वासन दिया।