मुख्यमंत्री से मिले महापौर दीपक बाली, काशीपुर के विकास कार्यों पर जताया आभार
खटीमा/काशीपुर।
काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने शनिवार को खटीमा पहुंचकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने काशीपुर में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
महापौर बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में वर्चुअल माध्यम से काशीपुर की महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिससे नगर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार होगा। उन्होंने काशीपुर की जनता की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
भेंटवार्ता के दौरान काशीपुर में संचालित विकास कार्यों की प्रगति, आगामी योजनाओं तथा नगर के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। महापौर ने मुख्यमंत्री को नगर की आवश्यकताओं और भविष्य की विकास प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया।
महापौर दीपक बाली ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत सकारात्मक एवं परिणामोन्मुख रही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने काशीपुर के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए आश्वस्त किया कि नगर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त और आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से काशीपुर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।