कफारा में डबल चोरी से सनसनी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
लखीमपुर खीरी । धौरहरा कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बृहस्पतिवार/शुक्रवार की रात कफारा कस्बे में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
कफारा कस्बा निवासी दुर्गेश निगम पुत्र रज्जन निगम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रात के समय चोर छत के रास्ते घर में घुस आए। उस समय परिवार के सदस्य छत पर सो रहे थे। चोरों ने घर में रखी दो अलमारियों के लॉकर तोड़ दिए और उनमें रखे सोने के झाला, नथनी, अंगूठी, चांदी की पायल, चांदी की प्लेट, करधनी सहित अन्य कीमती जेवरात तथा करीब 30 हजार रुपये नकद और महंगी साड़ियां चोरी कर लीं।
इसी रात चोरों ने कस्बा निवासी सुधांशु निगम पुत्र शिवपूजन निगम के घर को भी निशाना बनाया। यहां चोरों ने अलमारी और बक्सा तोड़कर सोने के झाला, मंगलसूत्र, चांदी की पायल समेत अन्य आभूषण और लगभग 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। दोनों घटनाओं में चोर लाखों रुपये की संपत्ति समेट ले गए।
शुक्रवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर पीड़ित परिवारों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कफारा चौकी प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कस्बे के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
घटना के संबंध में प्रभारी निरीक्षक धौरहरा दिनेश कुमार शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन पर स्पष्ट जानकारी देने के बजाय बातचीत समाप्त कर दी। दोबारा संपर्क करने पर भी फोन रिसीव नहीं हुआ।
वहीं क्षेत्राधिकारी धौरहरा ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक जांच एवं आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।