सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक की मौत, तीन यात्री घायल
फतेहपुर संवाददाता।
मलवां थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार तीन यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब कानपुर से प्रयागराज जा रही रोडवेज बस नशेमन होटल के पास हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही मलवां थाना पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। काफी प्रयास के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे में घायल तीन यात्रियों को एंबुलेंस से नजदीकी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण बस के अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराने की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रभारी राजीव मिश्र ने बताया कि मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सड़क किनारे खड़े ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतक चालक की पहचान नहीं हो सकी थी।