मदनपुरा में आम के पेड़ से लटकता मिला युवक का शव, वकालत की प्रैक्टिस कर रहे अजय चौहान की मौत से गांव में सनसनी
रिपोर्ट: प्रदीप सिंह, महराजगंज
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के मदनपुरा गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव गांव के बाहर खेत में लगे आम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम और तहसीलदार निचलौल अमित कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अजय चौहान (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय निवासी मदनपुरा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय चौहान वकालत की पढ़ाई पूरी करने के बाद महराजगंज सदर कचहरी में एक अधिवक्ता के साथ प्रैक्टिस कर रहे थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह उन्होंने सोशल मीडिया पर एक शायरी वाला स्टेटस लगाया था। इसके बाद वह कचहरी भी नहीं गए।
दोपहर में गांव के उत्तर स्थित मधुबनी नहर पटरी के किनारे उनके खेत में लगे आम के पेड़ की डाली से उनका शव लटकता हुआ देखा गया। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
परिजनों के अनुसार अजय तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई दिलीप रेलवे विभाग में कार्यरत हैं, जबकि दूसरे भाई अरविंद दिल्ली में एक सरकारी कार्यालय में चपरासी के पद पर तैनात हैं। अजय अविवाहित थे और अपने भविष्य को लेकर वकालत के क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
अजय की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों द्वारा दी जाने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।